प्रकृति करती है भोलेनाथ का जलाभिषेक, एमसीबी का गौरव बना जटाशंकर धाम
730 सीढ़ियों की रोमांचक यात्रा के बाद प्राकृतिक गुफा में विराजमान हैं स्वयंभू शिवलिंग, चट्टानों से अनवरत टपकती जलधारा बनी आस्था का अद्भुत प्रतीक

सावन और महाशिवरात्रि में उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब, धार्मिक पर्यटन के साथ प्रकृति प्रेमियों की भी पहली पसंद
एमसीबी /छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के घने जंगलों और पहाड़ियों के बीच स्थित जटाशंकर धाम आज धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का ऐसा अद्भुत संगम बन चुका है, जो पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। यहां प्रकृति स्वयं भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करती हुई प्रतीत होती है।
प्राकृतिक गुफा में विराजमान स्वयंभू शिवलिंग पर चट्टानों से निरंतर टपकती जलधारा इस धाम की सबसे बड़ी विशेषता है, जो श्रद्धालुओं के लिए दिव्य आस्था का प्रतीक बनी हुई है।

बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम सोनहरी से लगभग 12 किलोमीटर तथा जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से करीब 54 किलोमीटर दूर स्थित इस पवित्र धाम तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को लगभग 730 सीढ़ियां उतरकर प्राकृतिक गुफा तक पहुंचना पड़ता है।
रास्ते भर घने जंगल, पहाड़ों की हरियाली और पक्षियों का मधुर कलरव श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर देता है।

चट्टानों से टपकती जलधारा बनाती है दिव्यता का अहसास
जटाशंकर धाम की प्राकृतिक गुफा में विराजमान स्वयंभू शिवलिंग पर चट्टानों से लगातार जल की बूंदें गिरती रहती हैं।
गुफा की चट्टानी संरचनाएं भगवान शिव की जटाओं जैसी दिखाई देती हैं, जिनसे निकलती पतली जलधारा मानो स्वयं प्रकृति द्वारा भोलेनाथ का अभिषेक कर रही हो।
इसी अलौकिक स्वरूप के कारण इस स्थल का नाम जटाशंकर धाम पड़ा।
लोकआस्था और जनश्रुतियों से जुड़ा प्राचीन इतिहास
स्थानीय बैगा समुदाय और ग्रामीणों की मान्यता है कि भगवान शिव ने स्वप्न में इस पवित्र स्थल का संकेत दिया था, जिसके बाद यहां पूजा-अर्चना की परंपरा शुरू हुई। लोककथाओं में यह भी उल्लेख मिलता है कि भगवान भोलेनाथ यहां अपना कमंडल रखते थे, जो उनकी कृपा से स्वयं दूध से भर जाता था। पीढ़ियों से चली आ रही ये मान्यताएं आज भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का आधार बनी हुई हैं।
धर्म के साथ प्रकृति का भी अनमोल उपहार

जटाशंकर धाम केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा का भी अनमोल केंद्र है। चारों ओर फैले घने वन, ऊंची पहाड़ियां, प्राकृतिक जलस्रोत और शांत वातावरण इसे प्रकृति प्रेमियों एवं पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनाते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में वन्यजीवों की मौजूदगी भी यहां की समृद्ध प्राकृतिक विरासत को दर्शाती है।
सावन और महाशिवरात्रि में उमड़ती है अपार भीड़
महाशिवरात्रि और सावन के पूरे महीने जटाशंकर धाम में हजारों श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। बेलपत्र, दूध और गंगाजल अर्पित कर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं तथा प्राकृतिक गुफा में ध्यान-साधना कर आत्मिक शांति का अनुभव प्राप्त करते हैं।
धार्मिक पर्यटन की नई पहचान बन रहा एमसीबी
तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के साथ जटाशंकर धाम आज एमसीबी जिले की धार्मिक और पर्यटन पहचान को नई ऊंचाई दे रहा है। आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य, रोमांच और सांस्कृतिक विरासत का यह अनूठा संगम जिले में पर्यटन गतिविधियों, स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास की संभावनाओं को भी मजबूत कर रहा है।



