भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ कोरिया की नई जिला परिषद का गठन, राजीव पाठक बने जिला अध्यक्ष
बैकुंठपुर के शगुन गार्डन में आयोजित जिला कार्यकारिणी सह स्काउटर-गाइडर बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना पर बनी सहमति, स्काउट-गाइड गतिविधियों को प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने का लिया गया संकल्प

बैकुंठपुर/भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के सम्माननीय राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा जी के निर्देशानुसार राज्य मुख्यालय रायपुर द्वारा जारी पत्र क्रमांक/983/स्का.गा/रा.मु/2026 रायपुर द्वारा राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेन्द्र कुमार मिश्रा को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया l जिला परिषद के सदस्यों के मनोनयन की प्रक्रिया पर्यवेक्षक की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।
जिला शिक्षा अधिकारी पदेन जिला आयुक्त स्काउट जितेंद्र कुमार गुप्ता के आदेशानुसार जिला संघ कोरिया की नई जिला परिषद का गठन दिनांक 05.08.2026 को शगुन गार्डन खाड़ा, बैकुंठपुर में संपन्न हुआ। बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के सक्रिय स्काउटर-गाइडर पदाधिकारी, शिक्षक एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत संगठन के उद्देश्यों एवं भावी योजनाओं पर चर्चा के साथ हुई। राज्य मुख्यालय आयुक्त शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने स्काउट-गाइड की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि यह संगठन अनुशासन, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
नई जिला परिषद का गठन
सर्वसम्मति से गठित नई जिला परिषद में निम्न पदाधिकारियों का चयन किया गया—जिसमें जिला अध्यक्ष सम्माननीय राजीव पाठक जी को तथा उपाध्यक्ष सुभाष साहू जी, प्यारेलाल साहू जी, रंजीत प्रसाद मण्डल जी, गायत्री सिंह जी, अनिता तिवारी जी एवं पूनम यादव जी को चुना गया l नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की गतिविधियों को जिले के प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को स्काउट-गाइड से जोड़ने का संकल्प लिया। जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू से सभी निर्वाचित पदाधिकारी एवं स्काउटर गाइडर को स्काउट/गाइड प्रतिज्ञा दिलाया एवं आगामी प्रस्तावित वार्षिक कार्यक्रम के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान किया, तत्पश्चात सुश्री विजय कुजुर को ए.एल.टी. (गाइड) तथा धनमत पड़ौती को एच. डब्ल्यू.बी. (गाइड) का प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरान्त प्रमाण पत्र, पिन प्रदान किया गया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय
सत्र 2026-27 के पंजीयन एवं अंशदान की राशि दिनांक 30 अगस्त 2026 तक शत-प्रतिशत जमा कराने का निर्णय। राज्य पुरस्कार जांच शिविर के सफल आयोजन पर सहमति। प्रशिक्षित स्काउट एवं गाइड सदस्यों के चार्टर वारंट प्रतिशत में वृद्धि करने पर जोर। संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार। ओवाईएमएस (OYMS) पोर्टल पर सभी सदस्यों का अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने का निर्णय।
डिजिटल रिकॉर्ड संधारण एवं ऑनलाइन प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर चर्चा। जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की योजना।
विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण अभियान संचालित करने का निर्णय।
विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास के लिए नियमित प्रशिक्षण शिविर, रैलियां, जागरूकता अभियान, कैरियर गाइडेंस, सिकलसेल एवं नेत्र परीक्षण और सामाजिक सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई। इसके अलावा— बेसिक कोर्स के लिए अधिक से अधिक प्रतिभागियों को सम्मिलित कराने पर जोर देने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया। नए सदस्यों के पंजीयन अभियान को गति देने का निर्णय। सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन पर चर्चा l स्काउट-गाइड आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए एक दर्जन से अधिक प्रस्ताव पारित किए गए तथा जिले में स्काउटिंग गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने, नियत समय पर पंजीयन-अंशदान जमा कराने, स्काउट-गाइड, स्काउटर-गाइडर, का प्रगतिशील प्रशिक्षण कराने के लिए तहसीलवार ट्रेनिंग काउंसलर के लिए बचरा पोंडी में डॉ. उत्तम कुमार साहू, बैकुंठपुर में धनमत पड़ौती, पटना में अपूर्वा द्विवेदी, सोनहत में अजय कुमार ठाकुर को नियुक्त करने हेतु सर्व सहमति से प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में ये पदाधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में जिला मुख्य आयुक्त स्काउट राम प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष स्काउट रवि कुमार पाण्डेय, जिला सचिव सुरेंद्र कुमार राजवाड़े, जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू, जिला संगठन आयुक्त गाइड आशा एक्का, जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट सुनील कुमार बड़ा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड निशा खान, विकासखंड सचिव बैकुंठपुर शिव प्रताप सिंह, विकासखंड सचिव सोनहत श्याम कुमार , जिला क्वार्टर मास्टर अमरनाथ सिंह तथा जिला मीडिया प्रभारी रवि प्रसाद बैगा सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के स्काउटर गाइडर, प्रभारी शिक्षक उपस्थित रहे।
सेवा, अनुशासन और समर्पण का लिया संकल्प
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भारत स्काउट एवं गाइड के मूल मंत्र—“सेवा, अनुशासन और समर्पण”—को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही आगामी सत्र में समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय एकता जैसे विषयों पर विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। नई जिला परिषद के गठन के साथ ही जिले में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है l पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जिला कोरिया राज्य स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।



