कोरिया

थल सेना कैम्प की इंटरग्रुप प्रतियोगिता में कोरबा बटालियन का शानदार प्रदर्शन

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बैकुण्ठपुर/ शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर के फर्स्ट ऑफिसर संजीव कुमार जायसवाल ने बताया कि कमान अधिकारी एवं कैम्प कमाण्डेन्ट कर्नल सेन्थिल कुमार एस., 01 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय के तत्वावधान में थल सेना शिविर इंटरग्रुप प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 31 जुलाई 2026 तक रायपुर के लखोली स्थित एनसीसी ट्रेनिंग नोड में किया गया।

प्रतियोगिता में भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, सागर, जबलपुर एवं रायपुर समूहों के 342 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर के दौरान कैडेट्स ने ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग, मैप रीडिंग एवं नेविगेशन, दूरी का अनुमान, फील्ड सिग्नल, हेल्थ एंड हाइजीन तथा सेवा विषयों की लिखित परीक्षा सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी दक्षता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रायपुर ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर ग्रुप विजेता का खिताब अपने नाम किया। बालक वर्ग में भोपाल एवं सागर समूह क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में भोपाल एवं जबलपुर समूह ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कोरबा बटालियन के कैडेट्स का उत्कृष्ट प्रदर्शन
01 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी कोरबा के कैडेट्स ने भी विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बटालियन का गौरव बढ़ाया। बटालियन से निम्न कैडेट्स का चयन किया गया:-
ऑब्स्टेकल ट्रेनिंग- नमिता सिंह, कुमकुम एवं अतुल
हेल्थ एंड हाइजीन- हिमानी साहू एवं राखी गुप्ता
जीडीएफएस – केसर मित्तल, राहुल विश्वकर्मा, रमाशंकर, रविशंकर एवं बिंदु पटेल
मैप रीडिंग – बिलकिस बानो, मनीष कुमार, कैलाश निर्मलकर, हिमालया जानू एवं संदीप दास
बटालियन के कैडेट्स ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और आगामी राष्ट्रीय स्तर के ऑल इंडिया थल सेना कैम्प, दिल्ली के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय शिविर के लिए तैयारी
शिविर के प्रभारी अधिकारी कर्नल सेन्थिल कुमार एस. के मार्गदर्शन में कैडेट्स को सैन्य शैली के प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता एवं टीमवर्क का व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया।

[wp1s id="1076"]

चयनित कैडेट्स को आगामी ऑल इंडिया थल सेना कैम्प, दिल्ली, जो 31 अगस्त से 11 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा, के लिए भी तैयार किया गया।

समापन समारोह में ब्रिगेडियर डी.के. पात्रा, ग्रुप कमाण्डर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय रायपुर ने विजेता कैडेट्स एवं समूहों को पदक एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि थल सेना कैम्प का प्रमुख उद्देश्य एनसीसी के आर्मी विंग के कैडेट्स को वास्तविक सैन्य शैली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना, उनकी शारीरिक एवं मानसिक क्षमताओं का विकास करना तथा उनमें अनुशासन, नेतृत्व, साहस, टीम भावना और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।

इस अवसर पर विभिन्न एनसीसी यूनिटों के अधिकारी, एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर्स एवं परमानेंट इंस्ट्रक्टर सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कोरबा बटालियन के कैडेट्स की इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है तथा विद्यालय एवं बटालियन परिवार ने चयनित कैडेट्स को आगामी राष्ट्रीय शिविर के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!