
एस. के.‘रूप’
बैकुंठपुर/
शहर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, महलपारा में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी एवं बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 22 बालिकाओं को साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य एवं एसएमडीसी सचिव राजीव कुमार जायसवाल तथा एसएमडीसी अध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को साइकिल प्रदान करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना प्रभारी रागिनी चौबे एवं कक्षा 9वीं की कक्षा शिक्षिका कविता मिश्रा की विशेष सहभागिता रही। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया।
बालिका शिक्षा एवं नियमित उपस्थिति को मिलेगा प्रोत्साहन
सरस्वती साइकिल योजना का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना तथा उन्हें शिक्षा से जोड़कर नियमित विद्यालय उपस्थिति के लिए प्रोत्साहित करना है। विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए यह योजना अत्यंत उपयोगी एवं महत्वपूर्ण है। साइकिल मिलने से छात्राओं के आवागमन में सुविधा होगी तथा उनके समय एवं श्रम की भी बचत होगी।
साइकिल प्राप्त करने वाली बालिकाओं में कार्यक्रम के दौरान विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली। छात्राओं ने शासन की इस महत्वपूर्ण छात्रहितैषी पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष श्री शैलेंद्र शर्मा ने बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही बालिकाओं के आत्मनिर्भर एवं सशक्त भविष्य की आधारशिला है। वहीं विद्यालय के प्राचार्य एवं एसएमडीसी सचिव राजीव कुमार जायसवाल ने छात्राओं को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार एवं शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के सदस्यों द्वारा सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा एवं सफलता के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर एसएमडीसी के उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र सिंह, सदस्य अनुपम सोनी, रविंद्र गुप्ता, अलका मिश्रा, रीमा जायसवाल, अभिषेक अग्रवाल, रोहित जायसवाल,संतलाल सिंह, प्रिंस तिवारी,उमेर अहमद, प्रविंद सिंह, संवर्त कुमार रूप ममता गोयन, शशि भूषण पांडे, अजीम अंसारी, राजेश राजवाड़े सहित अन्य सदस्यगण, शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रहे उक्त कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



