छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागब्रेकिंग

कोयले की धरती से निकलेंगे डॉक्टर, एसईसीएल की सुश्रुत योजना से संवरेगा बच्चों का भविष्य

कोरिया जिले सहित एसईसीएल के खनन क्षेत्रों से लगे गांवों और परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों को डॉक्टर बनने की तैयारी के लिए बड़ा अवसर मिलने जा रहा है

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

संवाददाता

बिलासपुर / कोयलांचल के उन प्रतिभाशाली बच्चों के लिए अच्छी खबर है जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण डॉक्टर बनने का सपना पूरा करने में कठिनाई महसूस करते हैं। अब कोरिया जिले सहित एसईसीएल के खनन क्षेत्रों से लगे गांवों और परियोजना प्रभावित परिवारों के बच्चों को डॉक्टर बनने की तैयारी के लिए बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत सुश्रुत योजना के लिए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में निःशुल्क आवासीय NEET मेडिकल कोचिंग हेतु आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए चयन परीक्षा 29 नवंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। योजना का उद्देश्य कोयलांचल के होनहार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराकर उनके डॉक्टर बनने के सपने को साकार करना है।

s2-768x1024 कोयले की धरती से निकलेंगे डॉक्टर, एसईसीएल की सुश्रुत योजना से संवरेगा बच्चों का भविष्य

एसईसीएल के वरिष्ठ प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सनीश चन्द्र ने बताया कि सुश्रुत योजना विशेष रूप से एसईसीएल की खनन परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के बच्चों और खनन क्षेत्रों से लगे कोयलांचल के गांवों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए संचालित की जा रही है। इसके तहत चयन परीक्षा के माध्यम से योग्य विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को एसईसीएल के मुख्यालय बिलासपुर में एक प्रतिष्ठित संस्थान के माध्यम से NEET की तैयारी कराई जाएगी। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि विद्यार्थियों को कोचिंग के साथ रहने, खाने और पढ़ाई सहित सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इन सभी खर्चों का वहन एसईसीएल स्वयं करेगा। यानी आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद प्रतिभाशाली बच्चों को डॉक्टर बनने की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुविधाएं मिल सकेंगी। डॉ. सनीश चन्द्र के अनुसार इस योजना के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। पिछले दो से तीन वर्षों में सुश्रुत योजना के माध्यम से तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के 100 से अधिक NEET परिणाम आए हैं। योजना के अंतर्गत पढ़ने वाले विद्यार्थियों का चयन सरकारी मेडिकल कॉलेजों के साथ आयुर्वेद और डेंटल पाठ्यक्रमों सहित प्रतिष्ठित संस्थानों में भी हुआ है। उन्होंने बताया कि यह योजना केवल किसी एक जिले तक सीमित नहीं है बल्कि एसईसीएल के पूरे संचालन क्षेत्र के आसपास रहने वाले पात्र परिवारों के बच्चों के लिए लागू है। हालांकि चयन लिखित परीक्षा और निर्धारित प्रक्रिया में प्रदर्शन के आधार पर ही होगा। इस वर्ष चयन परीक्षा के लिए एसईसीएल ने कुल 13 प्रस्तावित परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें गेवरा, दीपका, कुसमुंडा, कोरबा, रायगढ़, बैकुंठपुर, बिश्रामपुर, भटगांव, चिरमिरी, हसदेव, जोहिला, जमुना एवं कोतमा तथा सोहागपुर क्षेत्र शामिल हैं। कोरिया जिले के बैकुंठपुर और एमसीबी जिले के चिरमिरी में परीक्षा केंद्र प्रस्तावित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को भी इस अवसर का लाभ उठाने का मौका मिलेगा। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और चयन परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक विद्यार्थी अपने संबंधित एसईसीएल क्षेत्रीय कार्यालय अथवा CSR विभाग से संपर्क कर सकते हैं। डॉ. सनीश चन्द्र ने अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है। सुश्रुत योजना महज एक कोचिंग कार्यक्रम नहीं बल्कि कोयलांचल के उन परिवारों के बच्चों के लिए उम्मीद की एक नई राह है जिनके सपनों में डॉक्टर बनने की चाह तो है लेकिन संसाधनों की कमी अक्सर उनके रास्ते में बाधा बनती है। एसईसीएल की यह पहल प्रतिभा को अवसर देने और शिक्षा के माध्यम से भविष्य संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।

[wp1s id="1076"]

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!