मनेंद्रगढ़ की भूपेंद्र क्लब की भूमि पचास वर्षों के अतिक्रमण से मुक्त हुई प्रशासनिक कार्रवाई…दुकानदार व्यथित

मनेन्द्रगढ़ /मनेन्द्रगढ़ की बहुचर्चित भूपेन्द्र क्लब की भूमि पर लगभग पचास वर्षो से अतिक्रमण कर दुकान संचालन करने वाले बाईस दुकानदारो के खिलाफ रविवार को प्रशासनिक कार्यवाही की गई ।

लगभग पच्चीस वर्षो से चले इस भूमि पर विवाद और न्यायालीन प्रक्रिया के बाद दो दिन पहले प्रशासन द्वारा अंतिम नोटिस जारी कर चौबीस घंटे के भीतर अपना सामान निकालने को कहा गया था । नोटिस जारी होने के बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकान से सामान निकाल लिया था तो कई दुकानदारो ने आज सामान निकाला । वहीं पूर्व निर्धारित समय अनुसार प्रशासन आज पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और चार जेसीबी मशीन से बाइस दुकानों को जमीदोज कर दिया गया । अतिक्रमण हटाने में एसडीएम मनेन्द्रगढ़ लिंगराज सिदार, भरतपुर एसडीएम शशिशेखर मिश्रा के अलावा एसडीओपी एलेक्स टोप्पो के अलावा कई तहसीलदार थाना प्रभारी और राजस्व पुलिस नगरपालिका विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे । कार्यवाही के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत सिटी कोतवाली से लेकर बस स्टैंड तक ट्रैफिक को बंद कर दिया गया था । शांतिपूर्ण तरीके से पूरी अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही संपन्न हुई । इधर दुकान टूटने के बाद प्रभावित दुकानदारों की अपनी पीड़ा है।



