
कोरिया/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला कोरिया के निर्देशानुसार विगत 27 अप्रैल को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत कम मतदान प्रतिशत वाले मतदान केंद्रों में विशेष अभियान हेतु कुशल प्रशिक्षकों के द्वारा चरचा कॉलरी 01, 02, 06, 09 एवम 10 में क्रमशः अलीशा शेख, नरेंद्र पाल, ताहिर आज़मी, रविकांत मिश्रा एवम रविन्द्र कौर द्वारा संबंधित केंद्रों के बीएलओ के सहयोग से संध्या 5 बजे से 7 बजे तक मतदाता जागरूकता चौपाल सभा का आयोजन किया गया जिसमें क्षेत्र के मतदाताओं ने भी अपनी सहभागिता दी। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अपना योगदान देने और अपने आसपास के मतदाताओं को मतदान करने हेतु मतदान केन्द्र तक लाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित न रह जाए। उक्त कार्यक्रम में ताहिर आज़मी ने। कहा कि मानव के क्रमागत विकास में लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था हमने प्राप्त की है। व्यक्ति परोक्ष रूप से अपने प्रतिनिधि का चुनाव अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुनता है। मतदान करना नितांत आवश्यक है जिससे हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था सुदृण हो सके।

इसी तरह अलीशा शेख ने कहा कि 7 मई सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक आप अपनी सहूलियत के अनुसार मतदान करने अवश्य जाएं। बाहर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे 18+ आयु वर्ग के विद्यार्थी मतदान दिवस के पूर्व आएं, जिस क्षेत्र में उनका नाम सम्मिलित है। मतदान करने जाकर वे इस लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गर्व करते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करें। रविकांत मिश्रा ने कहा कि हर भारतीय को मतदान करने के अधिकार पर गर्व होना चाहिए मतदान भविष्य का विधाता होता है। नरेंद्र पाल ने मतदाताओं को किसी भी प्रलोभन में न आने की समझाइश दी। साथ ही रविन्द्र कौर ने कहा आइए हम सकारात्मक परिवर्तन के उत्प्रेरक और हमारे देश के भविष्य के संरक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र की मशाल को आगे बढ़ाएं। इस अवसर पर मतदाताओं ने एकस्वर में मतदान गीत के साथ मतदान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
विदित हो कि 7 मई को कोरिया जिला में तृतीय फेस का मतदान होना है ऐसे में लोकसभा निर्वाचन में जुड़े कुशल प्रशिक्षक अपने सेक्टर ऑफिसर और संबंधित सीएमओ की सहायता से आबंटित मतदान क्षेत्रों में जागरूकता अभियान नारे एवम गीतों के माध्यम से चला रहे।



