12 हाथियों का दल गांव में घुसा, मकान क्षतिग्रस्त, किसानों की फसल रौंदी
वन विभाग ने ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, नुकसान का सर्वे शुरू

जनकपुर/ पार्क परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढाब में बुधवार देर रात करीब 2 बजे 12 हाथियों का दल गांव में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
हाथियों ने एक मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया, वहीं कई किसानों की खेतों में खड़ी फसलों को रौंदकर नुकसान पहुंचाया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को सुरक्षित रूप से वापस जंगल की ओर खदेड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, हाथियों के हमले में ग्राम ढाब निवासी विशाले सिंह, पिता जयदीन सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा गांव के कई किसानों की धान सहित अन्य फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद ग्रामीण पूरी रात जागकर सतर्कता बरतते रहे।
पार्क परिक्षेत्र अधिकारी शैलेश गुप्ता ने बताया कि हाथियों का दल जंगल से निकलकर गांव में पहुंच गया था।
सूचना मिलते ही वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के सहयोग से बिना किसी जनहानि के हाथियों को पुनः जंगल की ओर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है तथा मकान और फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर नियमानुसार मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर उनके पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें। विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि भविष्य में जन-धन की हानि को रोका जा सके।



