बदहाली का शिकार हुआ ‘स्व0 तीरथ गुप्ता कॉम्प्लेक्स’: जलभराव और जर्जर छत से मंडरा रहा है अनहोनी का खतरा

बैकुंठपुर/ छत्तीसगढ़ प्रदेश के कोरिया जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग स्थित प्रमुख कुमार चौक पर स्वर्गीय तीरथ गुप्ता कॉम्प्लेक्स अपनी बदहाली के आंसू रो रहा है। रखरखाव के अभाव में यह व्यावसायिक परिसर इन दिनों गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, जिससे यहां आने वाले आम नागरिकों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
प्रमुख समस्याएं,जलभराव और फिसलन:
कॉम्प्लेक्स की सीढ़ियों से नीचे उतरते ही परिसर में पानी भरा रहता है, जिससे वहां काई जम गई है। इसके आगे बढ़ने पर फर्श अत्यधिक फिसलन भरा हो जाता है, जिससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
जर्जर छत और सीपेज:
इमारत की ऊपर की छत पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिसके कारण बारिश और अन्य कारणों से लगातार पानी रिस रहा है। प्लास्टर उखड़कर नीचे गिर रहे हैं और दीवारों की स्थिति दयनीय हो गई है।
टूटे हुए टाइल्स:
परिसर में लगे टाइल्स टूट-टूटकर गिर रहे हैं, जिससे आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो गया है।
मंडरा रहा है अनहोनी का बड़ा खतरा:
इस कॉम्प्लेक्स में फल की दुकान, कपड़े साड़ी की दुकान,फोटो स्टूडियो, और एटीएम संचालित होने के कारण प्रतिदिन महिलाओं, बच्चियों, विद्यार्थियों, और बड़े-बुजुर्गों का भारी आना-जाना लगा रहता है। फिसलन और जलभराव के कारण यहां महिलाओं और युवतियों के गिरने की घटनाएं आम हो गई हैं। स्थिति इतनी गंभीर है कि गिरने वाले लोगों को स्थानीय दुकानदारों द्वारा उठाकर संभालना पड़ रहा है। कभी भी किसी बड़े हादसे या अनहोनी की आशंका से नकारा नहीं जा सकता।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शहरवासियों की गुहार:
स्थानीय जनता, दुकानदारों और राहगीरों ने जिला प्रशासन के प्रमुख कलेक्टर कोरिया, नगर पालिका प्रशासन, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों से पुरजोर अपील की है कि
स्वर्गीय तीरथ गुप्ता कॉम्प्लेक्स की इस जर्जर स्थिति का तत्काल संज्ञान लिया जाए,परिसर में हो रहे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए,जर्जर छत की मरम्मत कराकर पानी के रिसाव को पूरी तरह रोका जाए।
टूटे हुए टाइल्स, उखड़े प्लास्टर और काई की समस्या को दूर कर फर्श की स्थिति को दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाला जा सके।
*संवर्त कुमार रूप*



