
कोरिया-बैकुंठपुर/ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होते ही शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में जश्न का माहौल छा गया। विद्यालय की होनहार छात्रा आलिया परवीन ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर राज्य स्तर की प्रावीण्य सूची में सातवां स्थान प्राप्त कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
सफलता के आंकड़े और प्रदर्शन
आलिया परवीन ने कुल 588 अंकों के साथ 98% अंक प्राप्त किए हैं। उनकी इस उपलब्धि की खास बात यह रही कि उन्होंने आई टी में पूर्ण अंक 100/100 प्राप्त कर अपनी विषयगत पकड़ का लोहा मनवाया है। राज्य स्तर पर सातवां स्थान प्राप्त करना न केवल आलिया की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
साधारण पृष्ठभूमि, असाधारण लक्ष्य:
एक साधारण परिवार से आने वाली आलिया जिनके पिता राशिध रशीद जो जिले अंतर्गत सोनहत विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला सोनहत में सहायक शिक्षक के पद पर पदस्थ है| आलिया जो कक्षा 6वीं से ही शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर की छात्रा रही है उसने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो संसाधनों की कमी सफलता के आड़े नहीं आती। अपनी सफलता पर चर्चा करते हुए आलिया ने कहा, “यह परिणाम मेरी नियमित पढ़ाई और संस्था के प्राचार्य , शिक्षकों के सही मार्गदर्शन और मेरे माता पिता के सहयोग का फल है परीक्षा के दौरान मैंने समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया और कभी भी तनाव को खुद पर हावी नहीं होने दिया।” आलिया भविष्य में जे ई ई की तैयारी कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाकर समाज और देश की सेवा करने का लक्ष्य रखती हैं।
कलेक्टर के साथ जिले के अधिकारियों द्वारा किया गया सम्मान
परीक्षा परिणाम घोषणा उपरांत जिले के कलेक्टर महोदया चंदन त्रिपाठी एवं जिला शिक्षा अधिकारी विनोद राय और सहायक संचालक जितेंद्र गुप्ता विद्यालय पहुंच कर आलिया को पालक,शिक्षक एवं प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सामने मुंह मीठा कर सम्मानित किया और जिले के सभी छात्र छात्राओं को उनके मेहनत के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की

शिक्षक और अभिभावकों का योगदान:
विद्यालय के प्राचार्य अमृतलाल गुप्ता ने आलिया को मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “आलिया की उपलब्धि हमारे विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और हमारे शिक्षकों की निष्ठा का प्रमाण है, उन्होंने कहा कि आलिया की मेहनत देखते हुए विद्यालय के सभी शिक्षक और मेरे स्वयं की सतत् निगरानी में इस उपलब्धि के लिए तैयार किया गया है आज उसकी मेहनत रंग ले लाई। वह कक्षा 6वीं से ही एक मेधावी और अनुशासित छात्रा रही है।
आलिया के माता-पिता ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी बेटी ने उनका सर फख्र से ऊंचा कर दिया है।
शुभकामनाओं का तांता
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने आलिया को बधाई दी है। विद्यालय परिवार ने आलिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य छात्र-छात्राओं को भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया है।



