बरछा गांव में तेंदुए का आतंक दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल, वन विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल

संवाददाता–
मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर / वन मंडल मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत जनकपुर वन परिक्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम पंचायत महदौली के ग्राम बरछा (मोहल्ला मैरटोला) में तेंदुए के हमले से दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि वन विभाग की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे रामसरण बैगा (उम्र 42 वर्ष) अपने खेत में अरहर की फसल काट रहे थे। तभी खेत में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनके पैर को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रामसरण के शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से भागा और पास ही गेहूं की कटाई कर रहे विजय सिंह (उम्र 45 वर्ष) पर भी हमला कर दिया। इस हमले में विजय सिंह के चेहरे और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।
दोनों घायल किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि न तो मौके पर कोई अधिकारी पहुंचा और न ही घायलों को कोई तत्काल सहायता राशि दी गई। मजबूरी में दोनों घायलों को अपने निजी खर्च पर इलाज कराना पड़ रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ खेतों और गांव के आसपास लगातार देखा जा रहा है, जिससे लोग खेतों में जाने से भी डर रहे हैं।
क्या कहते हैं ग्रामीण और घायल?
रामकरण सिंह (स्थानीय निवासी) ने बताया कि तेंदुआ देखने में बड़ा होता है, लेकिन हमला करते समय सिकुड़कर छोटा हो जाता है, जिससे लोग उसे पहचान नहीं पाते। इसी वजह से रामसरण पर अचानक हमला हुआ।
रामसरण बैगा (घायल) ने बताया कि वे अरहर की कटाई कर रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उनके पैर पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर वह भाग गया और दूसरे व्यक्ति पर हमला कर दिया।
विजय सिंह (घायल) ने बताया कि वे गेहूं काट रहे थे, तभी अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया और उनके चेहरे को घायल कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग की ओर से अब तक कोई मदद नहीं मिली है।
जनकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉक्टर राजीव रमन के अनुसार, दोनों घायल मरीजों को इमरजेंसी में लाया गया था। दोनों पर तेंदुए ने हमला किया है और उन्हें नाखून से चोटें आई हैं। एक के पैर और दूसरे के चेहरे पर गंभीर घाव हैं। दोनों का इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ने की कार्रवाई की जाए।



