
एमसीबी जिले के केल्हारी वन परिक्षेत्र अंतर्गत दहियाडांड बीट के जंगल में मंगलवार दोपहर भालू के हमले में
एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार दहियाडांड निवासी हरिकांत चेरवा (65) और त्रिवेणी (19), पिता जगसाय मंगलवार दोपहर गाय चराने जंगल गए थे। इसी दौरान करीब तीन बजे एक नर भालू ने त्रिवेणी पर हमला कर दिया। युवक को बचाने के लिए हरिकांत चेरवा बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन भालू ने उन पर भी हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण हरिकांत चेरवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि त्रिवेणी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी
पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे पहले 220 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनेंद्रगढ़ और बाद में मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी जितेंद्र नागवंशी के निर्देशन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
टीम में वन परिक्षेत्र सहायक रामविलास भगत, वनरक्षक जीवन राम किंडो, संजय श्रीवास सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
थाना केल्हारी से उप निरीक्षक टिकेश्वर
यादव, जिला पंचायत सदस्य अनिता सिंह तथा मंडल महामंत्री राजू चेरवा भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये तथा घायल युवक को 2 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
वन परिक्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद
मृतक के परिजनों को नियमानुसार 6 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि दी जाएगी।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले न जाने, समूह में रहने तथा भालू या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उनसे दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।



