भाजपा कार्यालय हेतु भवन निर्माण संबंधी मानस भवन के बगल का प्लाट आबंटन को लेकर कांग्रेसियों ने जताई आपत्ति

बैकुंठपुर– कोरिया/ अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा भाजपा कार्यालय भवन निर्माण हेतु अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष मानस भवन के समीप नजूल भूमि प्लाट क्रमांक 84, 85, 86 में से 62 डिसमिल भूमि के प्रस्तावित आवंटन के विरुद्ध नपा उपाध्यक्ष आशीष यादव एवम पार्षदों ने ज्ञापन देकर आपत्ति दर्ज की है। पार्षदों सहित उपाध्यक्ष का कहना है उक्त भूमि शहर के विकास के लिए पालिका बाजार हेतु प्रस्तावित रही है। जिसके लिए नपा ने प्रशासन से मांग रखी है। मामला अभी विचाराधीन ही है।
कांग्रेसियों ने अपने आवेदन में उल्लेखित किया है कि पूर्व में आवंटित भूमि का पर्याप्त होनाः भा.ज.पा. का जिला कार्यालय पहले से ही जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर में स्थित है, जो 2009-10 में शासन द्वारा आवंटित भूमि पर निर्मित किया गया था। वर्तमान में, कोरिया जिले का विभाजन होने के बाद केवल एक विधानसभा (बैकुण्ठपुर) के कार्यकर्ताओं के लिए यह कार्यालय पर्याप्त है। नए प्लाट के आवंटन की आवश्यकता नहीं हैं।

संसाधनों की समीपता और शैक्षणिक संस्थान की स्थितिः जिस भूमि की मांग की जा रही है, उसके सामने शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर में स्थित है। यदि इस भूमि का उपयोग पार्टी कार्यालय हेतु किया जाता है, तो विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं की शिक्षा में व्यवधान उत्पन्न कर सकता है, जो कि छात्रहित में उचित नहीं है।
पूर्व में पालिका बाजार हेतु भूमि का आरक्षणः उक्त भूमि को पहले ही पालिका बाजार के निर्माण हेतु आरक्षित किया गया है। बैकुण्ठपुर में यह भूमि एकमात्र है, जहां सर्वसुविधायुक्त पालिका बाजार का निर्माण किया जा सकता है, जो शहर के बहुमुखी विकास के लिए आवश्यक है।
भूमि आवंटन के पिछले प्रयासों का विवरणः इससे पहले, उक्त भूमि को पुलिस अधीक्षक कार्यालय हेतु आवंटित करने का प्रस्ताव दिया गया था, किन्तु नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक 03.06.2022 को प्रस्ताव पारित किया गया था कि उक्त भूमि को 01 रूपया प्रति वर्ग फीट की दर से मांग कर भूमि नगर पालिका के नाम पर अंतरण कराते हुए पालिका बाजार निर्माण की कार्यवाही करने हेतु सर्व सम्मति से संकल्प पारित किया गया। सामान्य सभा की बैठक की सत्य प्रतिलिपि संलग्न है। मांग की गई है कि नजूल प्लाट क्रमांक 84, 85, 86
में से 62 डिसमिल भूमि को पालिका बाजार हेतु सुरक्षित रखते हुए, इसे भा.ज.पा. के जिला कार्यालय हेतु आवंटित न किया जाए, क्योंकि पहले से ही जिला कार्यालय हेतु भूमि आवंटित की जा चुकी है और उनका कार्यालय वर्तमान में संचालित है।
कार्यालय नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर जिला- कोरिया (छ०ग०)
ये रहा दो वर्ष पहले सामान्य सभा की बैठक दिनांक 03.06.2022 प्रस्ताव :
प्रस्ताव क.02 : मानस भवन के बगल की भूमि एसपी कार्यालय के आबंटन हेतु विचार एवं निर्णय नुसार निर्णय 02 प्रकरण प्रस्तुत हुआ, अवलोकन किया गया, मानस भवन के बगल की भूमि जो पालिका बाजार हेतु नजूल भू-खण्ड कमांक 86, 87 रकबा 2560 वर्गमीटर आबंटन उपरांत प्रब्याजी राशि रू. 9811200.00 (रू. अन्ठानवे लाख ग्यारह हजार दो सौ) तथा भू-भाटक 235469.00 (दो लाख पैतीस हजार चार सौ उन्हत्तर) कुल राशि रू. 10046699.00 (रू. एक करोड़ छियालिस हजार छः सौ निन्यानवे) जमा करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (रा०) बैकुण्ठपुर के माध्यम से दिनांक 17.02.2022 को प्राप्त हुआ था चूंकि उक्त राशि पालिका मद से दिया जाना संभव नहीं है इसलिए शासन को उक्त राशि / 01 रू. प्रतिवर्ग फीट की दर से मांग किया जाकर भूमि नगर पालिका के नाम पर अंतरण कराते हुये पालिका बाजार निर्माण की कार्यवाही करने हेतु सर्व सम्मति से संकल्प पारित किया जाता है।



