नदी कोसों दूर, तालाब– ढोंढी का पानी दूषित, जल जीवन मिशन की धज्जियां उड़ा रहा बहरासी साप्ताहिक बाजार का मोटर पंप ,बोर और टंकी
वर्षों से मोटर खराब पानी टंकी हैंड पंप केवल शो पीस पानी को तरस रहे ग्रामीण

जनकपुर–एमसीबी/ छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एमसीबी द्वारा जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत भरतपुर के बहरासी में विभिन्न व्यास के कुल 7508 मी एचडीपीई पाइपलाईन का कार्य एवं 194 नग कार्यचालित घरेलू नल कनेक्शन संबंधित 85.36 लाख का कार्य विगत 8/ 2 /2022 को कराया गया था। तत्कालीन कार्यपालन अभियंता चंद्रबदन सिंह के कार्यकाल में उक्त कार्य हुआ जो अपने भ्रष्ट कार्यशैली के कारण ही प्रशासनिक कोप भाजन के शिकार हुए और उन पर निलंबन का गाज गिरा। लेकिन आज तक ग्रामीण मार झेलरहे है और पानी को तरस रहे है।
जल जीवन मिशन योजना में भारी धांधली, योजना जमीनी स्तर पर शून्य
जल जीवन मिशन योजना यूं तो शासन की महती योजना व अति आवश्यक योजना है किंतु इस योजना का क्रियान्वयन सही नहीं हुआ है सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदारों के कमीशन के खेल में उक्त महती योजना का बंदर बाट हुआ। मोटर, पाइपलाइन, बोर,टंकी निर्माण, गड्ढे खुदाई प्रत्येक स्तर पर धांधली हुई है शासकीय राशि का दुरूपयोग हुआ है और वनांचल के ग्रामीण आमजन जीवनोपयोगी जल के लिए ही तरस रहे है।
बहारसी साप्ताहिक बाजार में तीन बोर,तीन हैंड पंप, वर्षों से बंद, पंप हाउस बना सुलभ शौचालय
जब टंकी बन रही थी, बोर हो रहा था तब ग्रामीणों को आशा थी कि अब पीने को शुद्ध पानी मिलेगा लेकिन ग्रामीणों की उम्मीद तब टूट गई जब उक्त जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत जनकपुर विकासखंड के बहरासी बाजार व छात्रावास के पीछे अन्य कई स्थानों पर बोर हैंडपंप शुरू होते ही बंद हो गए। पम्प हाउस नित्य कर्म का साधन हो गया है। सुलभ सौलाचाय बना दिया गया है जो स्वच्छता से भी कोसो दूर है।ग्रामीणों के अनुसार शुरू से ही उन्हें पानी के लिए तरसना पड़ रहा है जो बता रहा है कि 85.36 लाख रुपए की शासकीय राशि का बदरबाट ही हुआ है। बोर्ड में वर्णित है इस कार्य का ठेका संजय कुमार गुप्ता को मिला सहायक अभियंता जयंत कुमार चंदेल, कार्य प्रभारी उप अभियंता आनंद कुमार एक्का,सरपंच जानकी कुंवर सचिव लालमति रही।
बयोवृद्ध सुखलाल मूल निवासी ने बताया कि पानी टंकी को बने 8 वर्ष से ऊपर हो गए हैं लेकिन पानी आज तक नहीं मिला। बोर बंद है, पंप हाउस की हालत खराब है वहां शौच आदि से गंदगी पसरी है,जब से पानी टंकी बनी है बंद है।हैंडपंप सब बंद है हम पानी को तरस रहे हैं कुआं में भी पानी नहीं है।
सम्यक क्रांति की टीम ने अन्य ग्रामीणों से भी चर्चा की स्थानीय ग्रामीण बंटी कुशवाह ने बताया कि बालक छात्रावास के पीछे हैंडपंप नल कनेक्शन का भी यही हाल है यह चालू ही नहीं हुआ है उन्होंने कहा जब से बना है कोई लाभ नहीं मिला यह ठप्प पड़ा हुआ है।
नाला,तालाब, ढोडी का पानी दूषित। कैसे करें सेवन? सिंघौर नदी 3 किलोमीटर दूर
अधिकांशत: ग्रामीण नाला, तालाब, ढोडी आदि का मजबूरीमें सहारा लेकर, जान जोखिम में डालकर, रोग ग्रस्त होकर भी गर्मी में अपनी प्यास बुझाते दिखते हैं। वनांचल का हाल तो और भी बेहाल है लेकिन बहरासी बाजारपारा निवासियों के पास तो यह विकल्प भी नहीं है क्योंकि बस्ती में जो तालाब है उसका पानी दूषित है फिर ऐसी स्थिति में शासकीय टंकी बोर हैंड पंप का त्वरित चालू होना अति आवश्यक है। सिंघौर नदी 3 किलोमीटर दूर है जिससे पानी लाना संभव नहीं है ऐसे में जिला प्रशासन से ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि उनकी मुसीबत और परेशानी पर सहानुभूति पूर्ण कार्य करे और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जल्द पानी की व्यवस्था की जाए! साप्ताहिक बाजार एवं छात्रावास के पीछे कई स्थानों पर जल जीवन मिशन योजना अंतर्गत बनी पानी टंकी, मोटर हैंडपंप, बोर आदि खराब पड़े हुए हैं वर्षों से चालू ही नहीं है अभी अप्रैल का महीना है ज्येष्ठ की भारी दुपहरी, गर्म हवाओं लूं के थपेड़ों के बीच लोग बिना पानी के कैसे जीवन जी सकेंगे यह चिंतनीय विषय है। भारत सरकार व राज्य शासन इस महती योजना हेतु करोड़ों अरबों की राशि खर्च की जा रही हैऔर जमीनी स्तर पर ग्रामीण पानी को तरस रहे हैं ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द हैंडपंप,बोर,मोटर आदि को पुनः जनहित में चालू कराने की अतिशीघ्र व्यवस्था करें।



