कुंवारपुर वन परिक्षेत्र में मिला मादा भालू का शव, पुल से गिरने की जताई गई आशंका

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर/ जिले के मनेंद्रगढ़ वन मंडल अंतर्गत कुंवारपुर वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक P1275 स्थित घुघुरु नाला के पास एक मादा भालू मृत अवस्था में पाई गई। इस घटना से वन विभाग में हलचल मच गई है और इलाके में जंगली जीवों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं फिर से सतह पर आ गई हैं।

वन विभाग के अनुसार, मादा भालू का शव को पुल के नीचे 55 मीटर देखा गया था, जिसकी आधिकारिक पुष्टि फॉरेस्टर प्रेमलाल सिंह ने की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि भालू की मौत पुल से गिरने के कारण हुई है, लेकिन इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और शव का परीक्षण किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल भालू के शव को नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
वन अधिकारियों का कहना है कि यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी अन्य कारण की पुष्टि होती है, तो आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि भालू किस दिशा से आया और पुल तक कैसे पहुँचा। इलाके में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से सड़क और पुल जैसे संरचनात्मक जोखिम भी सामने आ रहे हैं, जिनकी निगरानी अब और कड़ी की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर से वन्यजीव संरक्षण और उनके आवास क्षेत्र के समीपवर्ती मानवीय हस्तक्षेप को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी वन विभाग से इलाके में सतत गश्त और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं टाली जा सकें।



