एस. के. रूप को उत्कृष्ठ पत्रकारिता एवं जनसंपर्क के लिए ‘रमेश नैयर स्मृति पुरस्कार’, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दी बधाई

सूरजपुर/ पब्लिक रिलेशंस सोसायटी ऑफ इंडिया, रायपुर चैप्टर द्वारा पत्रकारिता एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्यक क्रांति सूरजपुर संस्करण के संपादक श्री एस. के. रूप को ‘रमेश नैयर स्मृति पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने श्री रूप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

चिकित्सा लोक स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि ‘एस. के. रूप ने अपने निर्भीक, निष्पक्ष एवं जनहितकारी लेखन से पत्रकारिता में नई दिशा प्रदान की है। उनका कार्य समाज को जागरूक करने और सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक रहा है। यह पुरस्कार न केवल उनके कार्यों की सराहना है, बल्कि समर्पित पत्रकारिता को भी प्रोत्साहन है।’
ज्ञात हो कि ‘रमेश नैयर स्मृति पुरस्कार’ छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है। श्री रूप का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए उनकी निष्कलंक छवि और जनसंपर्क क्षेत्र में दीर्घकालिक सेवाओं के लिए किया गया है।
यह सम्मान सम्यक क्रांति परिवार सहित समूचे पत्रकारिता जगत के लिए गर्व का विषय है।



