कोरियाछत्तीसगढ़

PV एप से फसल गिरदावरी का पटवारियों ने किया बहिष्कार

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

कलेक्टर कोरिया को सौंपा ज्ञापन, मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

Reporter

बैकुंठपुर। खरीफ फसल वर्ष 2026-27 की फसल गिरदावरी PV (फसल भौतिक सत्यापन) एप के माध्यम से कराए जाने के निर्देश का राजस्व पटवारी संघ जिला शाखा कोरिया ने विरोध किया है। संघ ने कलेक्टर कोरिया को ज्ञापन सौंपकर PV एप के माध्यम से फसल गिरदावरी कार्य का पूर्णतः बहिष्कार करने की घोषणा की है।

पटवारी संघ का कहना है कि शासन द्वारा खरीफ गिरदावरी वर्ष 2026-27 के लिए 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक समय निर्धारित किया गया था। इसके तहत जिले के पटवारी DCS एवं ऑनलाइन माध्यम से फसल गिरदावरी का कार्य कर रहे थे। संघ के अनुसार, अचानक ऑनलाइन फसल एंट्री को पटवारी आईडी से बंद कर 18 सितंबर से PV एप के माध्यम से फसल गिरदावरी करने के निर्देश जारी किए गए, जिससे मैदानी स्तर पर अनेक व्यावहारिक कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं।

संघ ने ज्ञापन में वर्तमान DCS नक्शे को लेकर भी आपत्ति जताई है। पटवारियों के अनुसार कई स्थानों पर पूर्व में किए गए नक्शा विभाजन अभी DCS में शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में मौके पर मौजूद खेतों एवं खसरों की सही पहचान करने में परेशानी हो रही है। संघ का कहना है कि कई क्षेत्रों में खेतों में फसल खड़ी है तथा जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है, जिसके कारण प्रत्येक खेत के चारों कोनों से फोटो लेकर PV एप में ऑनलाइन सत्यापन करना कठिन है।

पटवारी संघ ने यह भी कहा कि अनेक ग्रामों में बड़ी संख्या में खसरे अभी फसल गिरदावरी के लिए शेष हैं। सीमित समय में भौगोलिक परिस्थितियों के बीच PV एप के माध्यम से यह कार्य पूरा करना व्यवहारिक रूप से कठिन है। संघ ने आशंका जताई है कि जल्दबाजी में गिरदावरी कार्य कराया गया तो धान सहित अन्य खरीफ फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रभावित हो सकती है और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

[wp1s id="1076"]

ज्ञापन में संघ ने फसल पहचान एवं DCS से जुड़े कृषि विभाग की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पटवारियों ने आरोप लगाया कि अचानक प्रक्रिया में परिवर्तन से उन पर अनावश्यक मानसिक एवं शारीरिक दबाव बढ़ रहा है तथा इसका प्रभाव किसानों और पटवारियों के बीच संबंधों पर भी पड़ सकता है।

पटवारी संघ ने मांग की है कि फसल गिरदावरी पूर्व वर्ष की भांति ऑनलाइन भुईयां पोर्टल के माध्यम से कराई जाए, ताकि समय पर गिरदावरी पूरी हो सके और समर्थन मूल्य पर खरीफ फसलों की खरीदी प्रभावित न हो।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि PV एप के माध्यम से फसल गिरदावरी कराने के लिए दबाव बनाया गया तो राजस्व पटवारी संघ के समस्त पटवारी बिना पूर्व सूचना के अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संघ ने इसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!