नशे के खिलाफ नृत्य व भाषण के जरिये दिया जागरूकता का संदेश।
माय भारत के बैनर तले प्रतियोगिताओं का आयोजन,विजेताओं को किया गया सम्मानित।

बैकुण्ठपुर/ नशा मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माय भारत) की ओर से जिले के शासकीय रामानुज प्रताप सिंह देव स्नातकोत्तर
महाविद्यालय बैकुंठपुर के सभागार में नशा मुक्ति के खिलाफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
लोक गीत, नृत्य,नुक्कड़ नाटक,चित्रकला, भाषण,
कविता,नारा लेखन और रील/लघु फिल्म प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर, जिला पंचायत सदस्य गीता रजवाड़े, शासकीय रामानुज प्रताप सिंह देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैकुंठपुर के प्राचार्य डॉ. एम.सी. हिमधर तथा जिला युवा अधिकारी सुश्री चहल कैलाशिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है, इससे बचने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संगीत से कविता तक, हर मंच पर दिखी प्रतिभा : प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी कला के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
लोकगीत प्रतियोगिता में प्रभुराम एण्ड ग्रुप ने प्रथम,साक्षी एण्ड ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में श्रुति ठाकुर प्रथम, अनुज रजवाड़े द्वितीय और नैना कोराम तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में आशा रजवाड़े ने पहला,यश वर्मा ने दूसरा और गीताजंली ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं नृत्य प्रतियोगिता में अनुपमा यादव एण्ड ग्रुप प्रथम, शिव एण्ड ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहे। कविता प्रतियोगिता में प्रिया साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में नेहा एण्ड ग्रुप सुन्दरपुर ने प्रथम,द्वितीय खुशी एण्ड ग्रुप बैकुंठपुर तथा अभिषेक एण्ड ग्रुप भखार ने तृतीय स्थान प्राप्त किए।
नारा लेखन प्रतियोगिता में वाची ने प्रथम स्थान प्राप्त की।
निर्णायकों ने किया मूल्यांकन, स्वयंसेवकों ने निभायी अहम भूमिका : प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन बेनेदिता तिर्की,डॉ.महेश मिश्रा,संजीव जायसवाल, देवेश जायसवाल, रविन्दर कौर,अभय कुमार शर्मा,राजदेव,अनुश्री देव,स्वीटी मिश्रा,प्रतिमा त्रिवेदी,परीक्षा गुप्ता,रजनी बड़ा,नीलम मिश्रा,नागेश्वर साहू,जितेन्द्रिय प्रसाद,पूजा,शिल्पा मनहर,अमृतांशु मिश्रा,ममता लकड़ा, प्रीती खाखा ने किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में माय भारत के कार्यालय सहायक राजीव साहू,राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रगति, सुकन्या कुजूर,पूजा गुप्ता,लालचंद यादव,टिकेश्वर प्रसाद, कुनाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विजेताओं को सम्मानित कर दिलाया नशामुक्त समाज का संकल्प : कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि नशा मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा स्वयं जागरूक होंगे और समाज को भी इसके प्रति प्रेरित करेंगे। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपने परिवार, समाज और देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।



