
कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी ने छात्रा से भेंट कर दी बधाई,बढ़ाया मनोबल
मिशन 100 मुहिम का बड़ा असर सहायक संचालक जितेंद्र गुप्ता ने कहा– बच्चियों की उपलब्धि गौरव का विषय
शिक्षक, अभिभावक व विद्यार्थियों को श्री राय डीईओ ने दी शुभकामनाएं
एस. के.‘रूप’
बैकुंठपुर–कोरिया/ विद्यार्थी जब लक्ष्य निर्धारण करता है और उसे प्राप्त करने में संयम, धीरज, साहस सहित उचित स्वाध्याय व नियम का पालन सहित गुरुजनों की सीख को ग्रहण कर बड़ों का आशीर्वाद लेकर चलता है तब उसकी हर एक मुश्किल कठिनाई आसान होकर सुंदर सुगम मार्ग में परिवर्तित हो जाता है यह विद्यार्थियों को अप्रत्याशित रूप से सफलता की ओर लेकर जाता है और यही सिद्ध करके दिखाया है स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय महलपारा की छात्रा अंशिका कश्यप ने,आपको बता दें विद्यालय की छात्रा अंशिका कश्यप ने राज्य की प्रवीण्य सूची में 98.17% अंक अर्जित कर 6वा स्थान प्राप्त किया है जो विद्यालय प्रबंधन के साथ संपूर्ण कोरिया जिले के लिए गर्व का विषय है। इनकी माता श्वेता कश्यप शासकीय प्राथमिक शाला खांडा में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं जो स्वयं राजपाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं,छात्रा को इनके पिता विनोद कश्यप का सदैव मार्गदर्शन प्रोत्साहन मिलता रहा है, छात्रा की पारिवारिक पृष्ठभूमि भी अध्ययन अध्यापन वाली रही है और इस तरह अंशिका को लक्ष्य प्राप्त करने में कठिनाई महसूस नहीं हुई। जिले की कलेक्टर चंदन त्रिपाठी, सहायक संचालक जितेंद्र गुप्ता देव, डीईओ श्री राय ने छात्रा से भेंट कर बधाई दी उसका मनोबल बढ़ाया।

शिक्षा विभाग कोरिया का मिशन 100 लाया रंग:–
तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने जिला कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के निर्देशन में कोरिया जिले में मिशन 100 अभियान चलाया था यह विद्यालय के शिक्षक व बच्चों को परीक्षा में शत प्रतिशत अंक अर्जित करने का प्रेरित लक्ष्य रहा बीते वर्ष इस मिशन 100 का अच्छा परिणाम रहा इस वर्ष भी कोरिया ने इतिहास रच दिया। जितेंद्र गुप्ता ने सम्यक क्रांति से चर्चा के दौरान कहा कि –उद्यमेंन ही सिद्धयंती,परिश्रम से ही कार्य सिद्ध होता है यह गौरव का विषय है आगे भी कोरिया नित कीर्तिमान स्थापित करता रहे हम सबका यही प्रयास होना चाहिए उन्होंने बताया कि कोरिया जिला का ग्राफ आंकड़ा और प्रतिशत में भी बढ़ा है,जिले में दसवीं के विद्यार्थियों के उत्तीर्ण प्रतिशत्ता में प्रथम 2093 द्वितीय 383 व तृतीय दो एवं 12वीं में प्रथम 1836 द्वितीय 360 और तृतीय 2% रहा यह न केवल परिणाम रहा है बल्कि प्रथम श्रेणी उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है जो मिशन हंड्रेड को पूर्ण कर रहा है।
प्राचार्य ने छात्र को 5001 की नगद राशि भेंट कर दिया प्रोत्साहन:–
विद्यालय के प्राचार्य ने छात्र अंशिका को नगद राशि भेंट की किसी भी विद्यालय के प्राचार्य के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है कि उनके विद्यालय की छात्रा ने राज्य के प्राविण्य सूची के टॉप 10 में अपना स्थान बनाया हो अंशिका की उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य राजीव जायसवाल ने छात्रा को₹5001 नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान करते हुए कहा कि यह केवल छात्रा की उपलब्धि ही नहीं वरन संपूर्ण विद्यालय और कोरिया के लिए गौरव का विषय है यह प्रोत्साहन राशि अन्य को भी अच्छा करने के लिए प्रेरित करेगी विदित हो कि श्री जायसवाल को आत्मानंद विद्यालय महलपारा के प्राचार्य पद का दायित्व संभाले कुछ महीने ही हुए हैं लेकिन विद्यालय के शिक्षा का स्तर और अधिक उठा है जो यह परिणाम भी सिद्ध कर रहा है।

मोटिवेशनल गुरु एस.के. रूप ने अंशिका को दिए थे सूत्र :–
स्वामी आत्मानंद विद्यालय महलपारा की छात्रा अंशिका कश्यप को मोटिवेशनल गुरु, साहित्यकार/ समाजसेवक संवर्त कुमार ‘रूप’ ने विगत दिनों विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में सफल होने, उसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सूत्र दिए थे। छात्र सहित अन्य बच्चों को भी उन्होंने परीक्षा के भय से निजात, परीक्षा के समीकरण सहित परीक्षा परिणाम की चिंता बगैर उत्कृष्ट प्रदर्शन, मैनेजमेंट, व्यवस्थित दिनचर्या आदि पर मोटिवेशन दिया था छात्रा ने उन प्रत्येक बिंदुओ को ग्रहण किया एवं उनकी माता एवं छात्रा ने इस उपलब्धि पर श्री रूप के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

शिक्षक शिक्षिकागण ने निभाया दायित्व:–
विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकागण विद्यार्थियों को लगातार पढ़ाई के मुख्य बिंदु,परीक्षा में बढ़िया प्रदर्शन, विषयक जानकारी के साथ उचित निगरानी व संपर्क में रहे जिसका यह परिणाम रहा कि आत्मानंद विद्यालय महलपारा ने इतिहास रचा विद्यालय की शिक्षिका कविता मिश्रा ने सम्यक क्रांति से चर्चा के दौरान बताया कि विद्यालय के प्राचार्य के निर्देशन में छात्र-छात्राओं पर हमारा फोकस रहा और विद्यालय ने कीर्तिमान रचा।



