
सफल विद्यार्थियों ने कहा मोबाइल से करें परहेज
कोरिया, 29 अप्रैल 2026 छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में कोरिया जिले के विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। जिले में कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित ‘मिशन 100’ अभियान का सकारात्मक प्रभाव इस वर्ष के परिणामों में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, सत्र की शुरुआत से ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक क्षमता के आधार पर वर्गीकृत कर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। मण्डल के ब्लूप्रिंट के अनुरूप निरंतर पुनरावृत्ति, अभ्यास कार्य, अतिरिक्त कक्षाएं एवं डाउट सेशन आयोजित किए गए, जिससे विद्यार्थियों की तैयारी मजबूत हुई।
बेटियों ने किया कमाल, जिले का बढ़ाया मान
जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष कक्षा दसवीं में 2666 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठे थे, जिनमें 2095 प्रथम श्रेणी, 383 द्वितीय श्रेणी तथा 2 तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए हैं। सबसे खास बात यह है कि 1192 बेटियों तथा 902 बालको ने प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। इस तरह 10वीं का 92.02 प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा। जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य में पांचवां स्थान प्राप्त किया। इसी तरह 12वीं में 2298 छात्र-छात्राओं में 1836 प्रथम श्रेणी, जिनमे से 1120 छात्राओं और 715 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त किया। इस तरह 95.64 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया।

बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान
हाई स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, महलपारा की छात्रा अंशिका कश्यप ने 98.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर की छात्रा आलिया परवीन ने 98 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य में सातवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। जिले के सफल विद्यार्थियों ने कहा सफलता के लिए कठिन परिश्रम, लगन, जूनून होना जरूरी है। साथ ही इन बच्चों ने कहा मोबाइल से दूर रहकर ही उत्कृष्ट परिणाम हासिल किया जा सकता है।
मिलेगा प्रोत्साहन राशि
राज्य की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप 1.50 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा शिक्षकों एवं अभिभावकों के योगदान की सराहना की है। जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, जिला शिक्षा अधिकारी विनोद राय, सहायक संचालक जितेन्द्र गुप्ता ने भी सफल छात्र- छात्राओं को बधाई दी है।जिला प्रशासन द्वारा “मिशन 100” अभियान के तहत शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों का सकारात्मक परिणाम इस वर्ष भी देखने को मिला है।




