
मुंबई/ दिग्गज अभिनेत्री मधुबाला की बायोपिक को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। इंडस्ट्री सूत्रों ने साफ किया है कि इस फिल्म में कियारा आडवाणी के लीड रोल निभाने और संजय लीला भंसाली के प्रोड्यूस करने की खबरें पूरी तरह गलत हैं।
हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मधुबाला के जीवन पर बनने वाली फिल्म में कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका निभाएंगी और इसे संजय लीला भंसाली प्रोड्यूस करेंगे। हालांकि, अब इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, कियारा आडवाणी को इस बायोपिक में कास्ट किए जाने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है और फिलहाल इस तरह की कोई योजना भी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह महज अटकलें हैं।
मधुबाला हिंदी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय और प्रतिष्ठित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उनकी जिंदगी पर फिल्म बनने की खबरों ने दर्शकों में उत्सुकता जरूर बढ़ा दी थी, लेकिन कियारा आडवाणी के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की बात फिलहाल केवल अफवाह साबित हुई है।


