
सूरजपुर- शासकीय महाविद्यालय बिश्रामपुर में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का एक दिवसीय अभिमुखीकरण (Orientation) कार्यक्रम सफलता पूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, कार्यों और सामाजिक दायित्वों से अवगत कराना था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजय कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री रचित मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डी.के. कोरी ने की।
NSS के कार्यक्रम अधिकारी श्री निशांत मिंस के द्वारा वर्ष भर में पंजीकृत छात्रों की जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता अजय गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में युवाओं को समाज सेवा की भावना से ओतप्रोत होकर NSS के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पुरस्कार, विद्यार्थियों को NSS के इतिहास, राष्ट्रीय सेवा योजना में A,B एवं C प्रमाण पत्र, उद्देश्यों एवं उसकी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
विशिष्ट अतिथि श्री रचित मिश्रा ने अपने उद्बोधन में छात्रों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि किस तरह साइबर फ्रॉड बढ़ रहे हैं खासकर कॉलेज एडमिशन या परीक्षा परिणाम में सुधार के नाम पर। उन्होंने छात्रों को मोबाइल का उपयोग पढ़ाई और ज्ञान प्राप्ति के लिए करने की सलाह दी उन्होंने श्री अजय गुप्ता की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘सबसे बड़ी नॉलेज की लाइब्रेरी’ बताया।
विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और NSS के तहत होने वाले विभिन्न सामाजिक कार्यों में रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन सहायक कार्यक्रम अधिकारी अंकुश सिसोदिया के द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम न केवल जानकारीवर्धक रहा, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहित करने वाला सिद्ध हुआ।



