थाना परिसर जनकपुर में 70 ऑटो चालकों को दी गई यातायात नियमों की जानकारी
यातायात नियमों का पालन करना अनिवार्य, उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही- थाना प्रभारी

सतीश मिश्रा
एमसीबी/ जिले के जनकपुर थाना परिसर में गुरुवार को थाना प्रभारी विजय सिंह के द्वारा ऑटो चालकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम के दौरान 70 ऑटो चालक शामिल हुए, जिन्हें ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी विजय सिंह ने ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग,एवम निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सवारी सुरक्षा से जुड़े नियमों की जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन सिंह के निर्देशानुसार शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सभी ऑटो चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अन्य वाहन चालकों को भी जागरूक करें।
यातायात नियमों के पालन पर रहेगा कड़ा नियंत्रण
थाना प्रभारी ने यह भी चेतावनी दी कि जो वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीम नियमित रूप से सड़कों पर गश्त कर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करेगी।
इस दौरान ऑटो चालकों ने भी यातायात नियमों के प्रति अपनी सहमति जताई और प्रशासन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।



