शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 77वां एनसीसी दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया

बैकुंठपुर / शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर स्थित सभा कक्ष में शनिवार 23 नवंबर को 77 वां एनसीसी दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर सर्वप्रथम कैडेट्स द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं महापुरूष जगदीश प्रसाद नामदेव, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं कोरिया कुमार डॉ0 रामचन्द्र सिंहदेव की प्रतिमा एवं मिनी स्टेडियम में स्थित शहीद स्मारक की साफ-सफाई की।

कमान अधिकारी 1 छ0ग0 बटालियन एन0 सी0 सी0 कोरबा कर्नल सेन्थिल कुमार एस0 एवं प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित यादव ने एन0 सी0 सी0 दिवस के अवसर पर कैडेट्स को बधाई एवं शुभकामना प्रेषित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्राचार्य एवं पूर्व एन0 सी0 सी0 अधिकारी यू0 एस0 शुक्ला, विशिष्ट अतिथि उपाध्यक्ष नगर पालिका आशीष यादव, एसएमडीसी सदस्य श्रीप्रकाश जायसवाल, गीता प्रसाद नेमा, वार्ड पार्षद मनीष सिंह, सम्पादक सम्यक क्रान्ति सम्वर्त कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सर्वप्रथम मंचस्थ अतिथियों ने भारत माता के छायाचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन किया। इसके पश्चात् विद्यालय की प्राचार्य कृपा कल्याणी टोप्पो एवं अन्य शिक्षकों द्वारा मुख्य अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। कैडेट्स द्वारा सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह लगाया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अन्तर्गत कैडेट आशीष के द्वारा देशभक्ति गीत, कैडेट राहुल के द्वारा नृत्य, कार्पाेरल अनिल कुमार ने भाषण, सार्जेण्ट पंकज प्रभाकर ने गीत, कैडेट अनिष कुमार एवं कैडेट अमित कुमार के द्वारा देशभक्ति गीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया गया। अपने उद्बोधन में सम्पादक सम्यक क्रान्ति सम्वर्त कुमार ने नेपोलियन से लेकर राजा राम मोहन राय को उदाहरण देते हुए कैडेट द्वारा राष्ट्रभक्ति की भावना लोगों में जागरूक करने की प्रेरणा दी। पार्षद मनीष सिंह ने अपने कैडेट जीवन के प्रेरणात्मक प्रसंग से कैडेट को अवगत कराया। ब्यूरो चीफ उत्तम कश्यप ने अपने छात्र सैनिक समय को स्मरण करते हुए अपने उद्बोधन में कहा कि- जीवन का प्रत्येक क्षण अनुशासन से बंधा है। कैडेट्स को एकता और अनुशासन का पालन जीवन में हमेशा करना चाहिए। वरिष्ठ व्यापारी एवं समाज सेवक श्रीप्रकाश जायसवाल ने कैडेट्स को अनुशासन के महत्व को विस्तार से समझाया। पूर्व व्याख्याता एवं साहित्यकार गीता प्रसाद नेमा ने अपनी सुमधुर आवाज से एन0 सी0 सी0 का वर्णन करते हुए अपनी स्वरचित रचना से सभी का मन मोह लिया। उपाध्यक्ष नगर पालिका आशीष यादव ने एन0 सी0 सी0 के इतिहास एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को एन0 सी0 सी0 दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की। पूर्व प्राचार्य एवं एन0 सी0 सी0 अधिकारी यू0 एस0 शुक्ला ने अपने व्याख्यान में विद्यालय के एन0 सी0 सी0 ट्रुप द्वारा अर्जित ख्याति पर प्रकाश डालते हुए सभी को अनुशासित रहने की समझाईश दी। अगले क्रम में एनसीसी दिवस के अवसर पर सभी कैडेट्स को अतिथियों द्वारा स्मृति चिन्ह व मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। मंचस्थ अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर विद्यालय के प्राचार्य कृपा कल्याणी टोप्पो एवं एन0 सी0 सी0 अधिकारी संजीव कुमार जायसवाल ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन मो0 ताहिर ने किया। आभार प्रदर्शन संजीव कुमार जायसवाल के द्वारा किया गया।



