
संवाददाता
बैकुंठपुर/ शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला आशीर्वाद किराना स्टोर के सामने का है, जहां बीते 10 जुलाई की शाम लगभग 7 बजे एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई।
चोरी हुई वाहन ग्लैमर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 15 CK 1795) थी, जो राजेंद्र प्रसाद कुशवाहा की थी। वे आशीर्वाद सुपर मार्केट में कार्यरत हैं और हमेशा की तरह अपनी बाइक दुकान के सामने खड़ी कर काम कर रहे थे। उन्हें यह अंदाजा भी नहीं था कि थोड़ी ही देर में उनकी बाइक पर चोर हाथ साफ कर देंगे।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले इसी आशीर्वाद किराना स्टोर में चोरी की एक और घटना हुई थी। लेकिन अब तक न तो पहले मामले में पुलिस को कोई सफलता मिली है और न ही इस नई घटना के आरोपियों का कोई सुराग हाथ लगा है।
पीड़ित ने बैकुंठपुर सिटी कोतवाली में तत्काल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है, लेकिन घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद चोरों का कोई पता नहीं चल पाया है।
शहर में लगातार हो रही चोरियों ने आम नागरिकों में डर और असुरक्षा का माहौल बना दिया है। वहीं, पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि जब मुख्य बाजार और व्यस्त इलाके में खड़ी बाइक सुरक्षित नहीं है, तो फिर आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़ा जाए और शहर में गश्त व निगरानी को और मजबूत किया जाए ताकि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।



