
मनेन्द्रगढ़/ मां महामाया मेला आयोजन समिति, छिपछिपी के तत्वावधान में तीन दिवसीय माघ पूर्णिमा मेला का आयोजन किया गया। मेले में समाज के सभी वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व प्रदान करते हुए कबड्डी, करमा, शैला एवं सुवा आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री एवं स्वास्थ्य श्याम बिहारी जायसवाल तथा उपस्थित आमंत्रित अतिथियों द्वारा मां महामाया एवं छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं धूप-दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म में माघ पूर्णिमा अत्यंत पावन तिथि है। हसदेव गंगा तट स्थित मां महामाया शक्तिपीठ धाम में आयोजित यह मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जनसमुदाय की आस्था का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता एवं भाईचारे की भावना का विकास होता है, जो आज समाज की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए समिति के आग्रह पर सामुदायिक भवन सह मंच निर्माण हेतु 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत छिपछिपी की सरपंच समरिया बाई ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा उर्फ भगत बाबू, लखनलाल श्रीवास्तव, एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्रीमती उषा सिंह करियाम, नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष श्री राजकुमार केसरवानी, नगर पंचायत लेदरी की पूर्व अध्यक्ष सरोज यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कबड्डी प्रतियोगिता एवं पारंपरिक लोकनृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई। कबड्डी में प्रथम स्थान लकरापारा (खड़गवां), द्वितीय स्थान खेलो इंडिया टीम (बंजी) तथा तृतीय स्थान जय जोगी डोंगरी टीम (बंजी) को मिला।
लोकनृत्य में शैला दल सारा ने प्रथम स्थान, उधनापुर टीम ने द्वितीय स्थान एवं बिजौरबहरा टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सुवा नृत्य में महामाया सुवा दल ने प्रथम, कौड़ीमार ने द्वितीय तथा रानीकुंडी बुंदेली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। करमा नृत्य में लटमा (सोनहत) प्रथम, सारा द्वितीय तथा बाला दल तृतीय स्थान पर रहा। सभी विजेता दलों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार राशि एवं सम्मान प्रदान किया गया।
स्वागत भाषण जयलाल सिंह करियाम ने दिया तथा आभार प्रदर्शन मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम ने किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक विजय कैवर्त, जयलाल सिंह करियाम एवं नाभाग गुरुजी द्वारा किया गया। निर्णायक के रूप में भूपेंद्र सिंह, कन्हैया , ईश्वर सिंह आदि रहे। खेल प्रभारी के रूप में मोहन सिंह, इन्द्रपाल सिंह, आनंद मरकाम, रूप सिंह एवं सुजीत सिंह का योगदान सराहनीय रहा।
कार्यक्रम में प्रेम सिंह आयाम उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि राम प्रताप सिंह , अरविंद कुमार सिंह, नंदलाल मार्को गुलाब राम लहरे इतवार सिंह कन्हैयालाल रामलाल मार्को के अलावा
कोरिया एवं मनेन्द्रगढ़ जिले से अनेक गणमान्य नागरिक एवं अंचल के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



