
कोरिया / कोरिया जिला मुख्यालय में रामानुज मिनी स्टेडियम के निकट आयोजित तीन दिवसीय संभागीय सरस मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के तत्वावधान में आयोजित इस मेले का शुभारंभ प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया गया।

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मोहित राम पैकरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नमिता शिवहरे सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने मेले का उद्घाटन किया।
ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा मंच
इस मेले में कोरिया जिले के 24 महिला स्व-सहायता समूहों के अलावा सरगुजा संभाग के छह जिलों सूरजपुर, अंबिकापुर, जशपुर, बलरामपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की महिला समूहों ने भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टाल लगाए हैं। कुल 40 स्टालों में कई प्रकार के स्वदेशी और जैविक उत्पाद उपलब्ध कराए गए हैं।

विशेष उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
सरस मेले में प्रदर्शित कोरिया मोदक, सोन हनी, जशपुर की शुद्ध चाय, एमसीबी जिले का परंपरागत ढेकी चावल, विभिन्न प्रकार के आचार, सूरजपुर का रागी आटा, सरगुजा की हस्तनिर्मित मोमबत्तियां और बलरामपुर से लाया गया जौ का आटा ग्राहकों को खासा पसंद आ रहा है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की ओर कदम
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने मेले की सराहना करते हुए कहा कि कोरिया जिले में लंबे समय बाद संभाग स्तरीय मेले का आयोजन किया गया है, जिससे महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। स्थानीय स्तर पर बने उत्पादों को बढ़ावा देकर हम आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
ग्रामीण आजीविका मिशन को मिल रहा बल
बिहान मिशन के जिला समन्वयक डॉ. आशुतोष ने बताया कि कोरिया जिले में महिला स्व-सहायता समूहों के जरिए हजारों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया गया है। सरस मेले से उन्हें व्यवसायिक ज्ञान और नए बाजार मिल रहे हैं। कोरिया मिलेट्स कैफे जैसी संस्थाओं में कार्यरत कई महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
31 मार्च तक चलेगा मेला
संभागीय सरस मेला 29 मार्च को शुरू हुआ है, जो 31 मार्च तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन और ग्राहक भाग ले रहे हैं। इस आयोजन से ग्रामीण महिलाओं को न केवल आर्थिक लाभ मिल रहा है, बल्कि उनके उत्पादों को भी नई पहचान मिल रही है।



