रामवन गमनपथ हरचौका में पोकलेन मशीन की लापरवाही से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई।
रेत ठेकेदार की मनमानी के कारण यह हादसा हुआ, जिससे युवक की जान गई।

घटना के बाद ग्रामीणों ने रेत ठेकेदार और पोकलेन ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर/ प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामवन गमनपथ हरचौका क्षेत्र में लंबे समय से अवैध एवं अनियंत्रित रेत उत्खनन किया जा रहा है। हरचौका में रेत खदान तक पहुचने के लिये सड़क निर्माण कराया गया था, लेकिन रेत परिवहन में लगे हाइवा वाहनों द्वारा ओवरलोडिंग के कारण सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने लगातार विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों के दबाव के बाद रेत ठेकेदार द्वारा सड़क में बने गड्ढों को भरने के लिए मुरुम डालने का कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक का ट्रैक्टर मुरुम लाते समय पलट गया। ट्रैक्टर को उठाने के लिए रेत ठेकेदार की पोकलेन मशीन लगाई गई, लेकिन पोकलेन ऑपरेटर की गंभीर लापरवाही के चलते ट्रैक्टर को असंतुलित अवस्था में छोड़ दिया गया। परिणामस्वरूप ट्रैक्टर दूसरी ओर पलट गया और पास में खड़ा युवक उसकी चपेट में आ गया।
घटना के बाद की स्थिति
युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने रेत ठेकेदार और पोकलेन ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
लौगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध रेत उत्खनन और ओवरलोडिंग पर रोक लगाई गई होती, तो यह हादसा नहीं होता। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रेत ठेकेदार और पोकलेन ऑपरेटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



