
बैकुन्ठपुर/ शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैकुन्ठपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना महिला एवं पुरूष इकाई का विशेष सात दिवसीय शिविर का आयोजन डॉ0 एम.सी.हिमधर प्राचार्य के संरक्षण ,कार्यक्रम अधिकारी द्वय श्रीमती जयश्री प्रजापति एवं अनुरंजन कुजूर के संयोजन में नशामुक्त भारत के लिए युवा थीम पर ग्राम जमगहना के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आयोजित किया गया है।

शिविर का उद्घाटन माननीया श्रीमती वंदना राजवाड़े उपाध्यक्ष, जिला पंचायत कोरिया एवं अध्यक्ष महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के मुख्य आतिथ्य, श्री उदय सिंह, अध्यक्ष, जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर एवं श्रीमती दीपा सिंह सरपंच, ग्राम पंचायत जमगहना के विशिष्ट आतिथ्य में उद्घाटित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य, डॉ. एम.सी.हिमधर ने किया। शिविर का उद्घाटन अतिथियों द्वारा युवा प्रेरणा पुरूष स्वामी विवेकानन्द एवं मां सरस्वती के छाया चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। सामूहित रूप से राजगीत एवं रासेयो लक्ष्य गीत गाया गया। अतिथि स्वागत उपरांत स्वयं सेवक कु. पूजा पंकज के द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति दी गई। शिविर कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम अधिकारी अनुरंजन कुजूर ने शिविर दिनचर्या, शिविर परियोजना कार्य एवं बौध्दिक कार्यक्रम अंतर्गत आयोजित होने वाले समस्त कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा जारी थीम नशामुक्त भारत के लिए युवा के अन्तर्गत विभिन्न जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किये जायेगें। ग्राम पंचायत जमगहना के ग्रामीणों को नशामुक्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल साक्षरता एवं एस.आई.आर., बाल विवाह, साइबर क्राइम, डिजीटल फ्राड जैसे विषयों के प्रति विभिन्न माध्यमों से जागरूक एवं प्रेरित किया जाएगा। श्रमदान के माध्यम से विद्यालय प्रांगण में स्वच्छता कार्य, स्कूलों, ग्राम देवालय, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी, खेल मैदान, बाजार स्थल तथा गांव के कुओं, हैन्डपंपों के आस-पास सफाई एवं सोख्ता का निर्माण कर स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों को विशेष रूप से जागरूक किया जाएगा। शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक बुराईयों पर जनचेतना रैली, विकसित भारत 2047, बेटी बचाओं- बेटी पढ़ाओं, बाल विवाह, दहेज प्रथा, मतदाता जागरूकता एवं अन्य सामाजिक कुरूतियों के प्रति गीत, नुक्कड, नृत्य, रैली आदि के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा तथा साथ ही छ0ग0 की लोक संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। विशिष्ट अतिथि सरपंच श्रीमती दीपा सिंह ने रासेयो शिविर के लिए ग्राम जमगहना का चयन करने पर महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया एवं कहा कि इस शिविर से हमारे ग्रामवासी जागरूक और लाभांविंत होंगे उन्होंने शिविरार्थियों को पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि श्री उदय सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से ग्रामीणों एंव युवाओं को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए एन.एस.एस. में किये गये कार्यां और उसके महत्व के बारे में स्वयंसेवकों को बताया और निस्वार्थ भाव से अनुशासित रहकर प्रशिक्षण प्राप्त करने को कहा। मुख्य अतिथि श्रीमती वंदना राजवाड़े ने शिविरार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप घर में रहकर कुछ नहीं सीख सकते। यहां आकर बहुत कुछ सीखेंगें जो आपके जीवन में काम आयगा। अनुशासन में रहकर स्वावलंबी बनते हुए ग्रामीणों को अपने गतिविधियों के माध्यम से जागरूक करिये जिससे वे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगें। अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ0 एम.सी.हिमधर, प्राचार्य एवं जिला संगठक ने कहा कि शिविर ग्राम जमगहना रासेयो का प्रयोगशाला है, अब तक समाज सेवा की जो भी बातें आपने सीखी है, उसे ग्रामीणों तक व्यवहारिक रूप में पहुंचाए। अनुशासित रहकर समय का पालन करते हुए शिविर दिनचर्या के प्रत्येक गतिविधि में बढ़-चढ़कर भागीदारी कीजिए और अपने प्रतिभा को प्रदर्शित कर अपने व्यक्तित्व का विकास करिए। अंत में महिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती जयश्री प्रजापति ने शिविरार्थियों को समाज एवं राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करते हुए सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में सहायक कार्यक्रम अधिकारी के रूप में डॉ. कुलदीप ओझा,कु.आंशी पाटले एवं राधेश्याम पटेल अपनी भूमिका निभा रहे है। इससे पूर्व शिविरार्थियों का पंजीयन कर व्यवस्थित शिविर संचालन हेतु छत्तीसगढ़ के नदियों के नाम से स्वयंसेवकों को छः दल- महानदी, इन्द्रावती, हसदेव, शिवनाथ, अरपा, एवं पैरी दलों में बांटा गया है। जिसके दल नेता क्रमशः डोलिमा राजवाड़े, रीता, धनेश्वर, सुशील कुमार, लवकुश एवं दिव्या चूने गये हैं तथा सर्व सम्मति से तौफिक खान को शिविर नायक तथा कु0 तनिषा देवांगन को शिविर नायिका चुना गया, साथ ही उनके सहयोग के लिए उप शिविर नायक के रूप में नीरज एवं उप शिविर नायिका के रूप में अपर्णा सिंह को नियुक्त किया गया। वरिष्ट स्वयंसेवक सुशील कुमार को पी.टी., परेड, योगा, शशि पोर्ते को भोजन प्रभारी, कु. पूजा पंकज को सांस्कृतिक प्रभारी तथा निखिल साहू को टेन्ट, साउंड एवं उपकरण प्रभारी प्रभारी बनाया गया है। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, डॉ. आशुतोष देउस्कर, डॉ. विनय कुमार शुक्ला, डॉ. बृजेश पाण्डेय, श्री भूपेन्द्र सिंह सहित सभी अतिथि व्याख्याता, विषय मार्गदर्शक एवं स्टॉफ, वरिष्ठ स्वयंसेवक टकेश्वर राजवाड़े, कृष्णा राजवाड़े, राम प्रसाद, संजय, ग्रामीणजन एवं शिविरार्थी उपस्थित रहें।



