
बैकुन्ठपुर/ लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्म दिन राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विगत् दिवस कमान अधिकारी कर्नल सेंथिल कुमार एस0 के निर्देशन, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रियदर्शन चौधरी के मार्गदर्शन एवं एन0 सी0 सी0 अधिकारी फर्स्ट ऑफिसर संजीव कुमार जायसवाल के नेतृत्व में शासकीय आदर्श रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुण्ठपुर के एन0 सी0 सी0 कैडेट्स ने राष्ट्र को एकता का संदेश देते हुए रैली निकाली। यह रैली विद्यालय स्थित मिनी स्टेडियम से प्रारम्भ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए फव्वारा चौक से वापस मिनी स्टेडियम में समाप्त हुई। कैडेट्स द्वारा एक रहेंगे-नेक बनेंगे, एकता हमारी शान है-भारत का सम्मान है, अनेकता में एकता-भारत की विशेषता आदि प्रेरक नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। रैली समापन पश्चात् नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री आशीष यादव द्वारा कैडेट्स को एकता की शपथ दिलाई गई। अपने उद्बोधन में उन्होनें कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि- राष्ट्रीय एकता की भावना किसी देश के विभिन्न धर्म, सम्प्रदाय, जाति तथा विभिन्न भाषा बोलने वाले लोगों को एक साथ लाने का कार्य करती है। भारत जैसे बहुसांस्कृतिक देश के लिए राष्ट्रीय एकता का महत्व बहुत ज्यादा है, क्योंकि भारत की एकता ही इसकी शक्ति का आधार है। जिला प्रशासन कोरिया द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित रन फॉर यूनिटी में भी एन0 सी0 सी0 कैडेट्स ने अपनी सहभागिता निभाई।



