“ महंगाई बढ़ी, वेतन नहीं” — आत्मानंद विद्यालय स्टाफ की पीड़ा शिक्षा मंत्री तक पहुँची कर्मचारियों ने मांगी नौकरी सुरक्षा और शासकीयकरणशिक्षा मंत्री को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया

बैकुण्ठपुर/ स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय कर्मचारी संगठन के कोरिया जिलाध्यक्ष गोपाल दत्त उरमलिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एक दिवसीय प्रवास पर आए माननीय शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
ज्ञापन में शासकीयकरण, नौकरी की सुरक्षा तथा कर्मचारियों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री महोदय को अवगत कराया कि इन मांगों का समाधान शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मनोबल को सुदृढ़ करने तथा शैक्षणिक व्यवस्था की स्थिरता बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
विदित हो कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालयों में समस्त शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती एकमुश्त वेतन पर संविदा आधार पर की गई थी। विगत कई वर्षों से वेतन में किसी प्रकार का भत्ता नहीं जोड़ा गया है, जबकि महंगाई निरंतर बढ़ती जा रही है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान श्रीमती कविता मिश्रा, अंकिता सिंह, नीलेश शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि माननीय मंत्री जी मांगों पर सकारात्मक एवं शीघ्र निर्णय लेकर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेंगे।



