बैकुंठपुर में मुस्लिम समुदाय ने आतंकवाद के खिलाफ निकाली आक्रोश रैली, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

एस. के.‘रूप’
बैकुंठपुर/कोरिया : आतंकवाद के खिलाफ एकता और भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए बैकुंठपुर शहर में मुस्लिम समुदाय ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए, विगत 25 अप्रैल को जुम्मे की नमाज़ के बाद मुस्लिम धर्मावलंबियों ने आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।

शहर की प्रमुख मस्जिदों से नमाज़ अदा करने के पश्चात बड़ी संख्या में मुस्लिम नागरिकों ने एकजुट होकर आक्रोश रैली निकाली। यह रैली कुमार चौक से होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी, जिसमें युवाओं, बुज़ुर्गों और समाजसेवियों की भी भागीदारी रही।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आतंक का कोई धर्म नहीं होता और न ही कोई मजहब आतंक को मान्यता देता है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “जो लोग आतंक फैलाते हैं, वे सिर्फ आतंकी होते हैं – न कि किसी धर्म के अनुयायी। मुस्लिम समुदाय हमेशा से ऐसी नापाक हरकतों का विरोध करता आया है और आगे भी करता रहेगा।”
इस रैली के माध्यम से न केवल आतंकवाद के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया गया, बल्कि यह भी साबित किया गया कि बैकुंठपुर जैसे ऐतिहासिक शहर में आज भी एकता, भाईचारे और राष्ट्रहित सर्वोपरि हैं।
समाज के लोगो ने आतंकवाद के खिलाफ उसका सफाया करने को देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर के माध्यम से सौंपा।
यह कदम न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि अन्य जिलों और समुदायों के लिए भी अनुकरणीय बन सकता है।



