
संवाददाता
कवर्धा /हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को कवर्धा में स्वामी करपात्री जी स्कूल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कलेक्टर गोपाल वर्मा स्वयं राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए और विद्यार्थियों, अधिकारियों व नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान बनाए रखने की शपथ दिलाई।
सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी और आमजन देशभक्ति के नारों, वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष के साथ शामिल हुए। यात्रा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए भारत माता चौक तक पहुँची, जहां देशभक्ति का उत्साह चरम पर रहा।
कलेक्टर वर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता, बलिदान और एकता की अमर गाथा का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से तिरंगे का सम्मान और देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार यह अभियान 2 से 15 अगस्त तक चल रहा है, जिसका इस वर्ष का थीम है—”हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग”।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अजय कुमार त्रिपाठी, जिला शिक्षा अधिकारी वर्मा, सहायक संचालक एमके गुप्ता सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।



