कोरिया

भाजपा में समर्पित कार्यकर्ता रविशंकर राजवाड़े को बड़ी जिम्मेदारी, बने जिला उपाध्यक्ष

चार दशक की सेवा और सामाजिक योगदान का मिला सम्मान, कार्यकर्ताओं में हर्ष

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बैकुंठपुर/ भारतीय जनता पार्टी कोरिया की नई जिला कार्यसमिति की घोषणा के साथ ही संगठन ने अनुभवी और समर्पित व्यक्तित्व रविशंकर राजवाड़े को भाजपा जिला उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी सौंपी है। इस घोषणा के बाद जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उनके समर्थकों में हर्ष का माहौल है।

42 वर्षों तक शिक्षक के रूप में शासकीय सेवा देने वाले श्री राजवाड़े ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि सामाजिक विकास में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे विगत तीन दशकों से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। उनका भाजपा से वैचारिक जुड़ाव हमेशा स्पष्ट रहा है, जिसके चलते वर्ष 2002-03 में कांग्रेस शासन में उन्हें कोरबा ट्रांसफर कर दिया गया था।

रजवार समाज में नेतृत्वकर्ता के रूप में मजबूत पहचान रखने वाले श्री राजवाड़े ने समाज के उत्थान हेतु अनेक कार्य किए। वे अविभाजित सरगुजा जिले में समाज के कोषाध्यक्ष, बैकुंठपुर क्षेत्र में अध्यक्ष और कोरिया जिले में दो कार्यकाल के लिए जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वर्तमान में वे 2020 से रजवार समाज जिला कोरिया के अध्यक्ष पद पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में छात्राओं, कृषकों, खिलाड़ियों, कलाकारों के सम्मान कार्यक्रमों से लेकर समाज की जनगणना, पत्रिका प्रकाशन, महिला व युवा सम्मेलन जैसे ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुए।

जनजागरण अभियान में अग्रणी भूमिका निभाने वाले श्री राजवाड़े ने शिक्षक रहते हुए जनजातीय वर्ग में शिक्षा, स्वास्थ्य और नशा मुक्ति के लिए भी सतत कार्य किया। उन्होंने शराब, जुआ जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी मुहिम चलाई, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आया।

शासकीय सेवा के उपरांत भाजपा में पूरी तरह सक्रिय होकर वे विधानसभा, लोकसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में संगठन को मजबूती देने में जुटे रहे। उनके अनुभव, विचारशीलता और कार्यशैली को देखते हुए संगठन ने उन्हें जिला उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

[wp1s id="1076"]

भाजपा जिलाध्यक्ष की ओर से घोषित कार्यसमिति में यह नियुक्ति होते ही पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व और जिलाध्यक्ष का आभार जताया है, और विश्वास जताया है कि श्री रविशंकर राजवाड़े के अनुभव से संगठन और अधिक मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!