गंगोटी बाजार ग्राउंड से पोल हटाने के लिए 54 हजार से अधिक की मांग, विभाग ने थमाया डिमांड नोट

देवनगर/सूरजपुर- ग्राम पंचायत गंगोटी के बाजार ग्राउंड में लगे विद्युत पोल को हटाने की मांग पर अब ग्रामीणों को राशि जमा करनी होगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने पोल शिफ्टिंग के लिए 54,443.12 रुपये का डिमांड नोट जारी किया है।

जारी पत्र के अनुसार, जनपद पंचायत भैयाथान के माध्यम से बाजार ग्राउंड में लगे पोल को हटाने का अनुरोध किया गया था। यह पत्र कलेक्टर कार्यालय सूरजपुर के संदर्भ में भेजा गया था।
विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में पोल शिफ्टिंग के लिए कोई विभागीय योजना उपलब्ध नहीं है। आवेदन पर सर्वे के बाद कुल 54,443.12 रुपये की राशि निर्धारित की गई है। राशि जमा होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्र पर कनिष्ठ अभियंता (वितरण), CSPDCL देवनगर के हस्ताक्षर हैं तथा इसके साथ एक डिमांड नोट संलग्न किया गया है।
ग्रामीणों में चर्चा
बाजार ग्राउंड में लगे पोल को हटाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक स्थल होने के कारण आयोजन और आवागमन में असुविधा होती है। अब सवाल यह उठ रहा है कि सार्वजनिक हित के कार्य के लिए राशि कौन जमा करेगा – ग्राम पंचायत या संबंधित विभाग?
इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और पंचायत की अगली बैठक में इस पर निर्णय लिया जा सकता है।



