बस्तर संभाग

दैनिक सब्जी बाजार को मिला व्यवस्थित स्वरूप, सब्जी विक्रेताओं के साथ अब ग्राहक भी है खुश

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

दंतेवाड़ा / मुख्यालय के आंवराभाटा रेलवे ट्रैक के समीप टेकनार चौक में लगने वाले दैनिक सब्जी बाजार के विस्थापन होने से निश्चित ही आम नागरिकों को ट्रैफिक एवं भीड़-भाड़ की समस्या से निजात मिली है, वरना यह चौक रोजाना स्थानीय शाक सब्जी विक्रेता और विक्रेताओं से गुलजार रहता था। विशेष तौर पर हर शाम को खरीदारी करने में जुटे जन संकुल से यहां ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो जाती थी, यत्र-तत्र रखे दो पहिया वाहन, गीदम मार्ग से आती व मुख्यालय से रवाना होती बसों, ट्रकों, कारों, उनके तेज हॉर्न की ध्वनि, सड़क दोनों ओर बैठे स्थानीय सब्जी विक्रेता और खरीदारी कर रहे लोग यहां का आम परिदृश्य था। और यह दृश्य कहीं ना कहीं किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को आमंत्रित करने के लिए पर्याप्त था। जिसके चलते इस दैनिक सब्जी बाजार को अन्यत्र व्यवस्थापन की मांग उठाई जा रही थी।

इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा रेलवे क्रॉसिंग के समीप जगह को बाजार स्थल के रूप में चयन किया गया और नगर पालिका द्वारा यहां शैड निर्माण, पेयजल की व्यवस्था भी की गई। इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि इस दैनिक सब्जी मार्केट में आस पास के विभिन्न ग्रामों से आई विक्रेता महिलाओं के बैठने के लिए शेड बनाया गया है, यह सुबह 10 बजे से रात के 09 बजे तक खुली रहेगी। इस संबंध में सब्जी बेच रही ग्रामीण महिला का कहना था कि बाजार स्थल यहां लगाये जाने पर पानी, लाईट, टंकी आदि की अच्छी सुविधा उपलब्ध है। साथ ही शैड भी बनाएं गये है जो ताकि गर्मियों और बारिश के दिनों में हमें दिक्कतों का सामना न करना पड़े। कुल मिलाकर प्रशासन ने हमारी परेशानियों को दूर किया है। ज्ञात हो कि जिले में अलग-अलग गांव पर साप्ताहिक बाजार लगा करते हैं, जबकि मुख्यालय के कतियाररास में बुधवार को बड़ा साप्ताहिक बाजार लगा करता है। ऐसे में आंवराभाटा में उक्त दैनिक बाजार स्थल बनाए जाने से आम नागरिकों सहित विक्रेताओं को भी सहूलियत हो रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!