
कोरिया/ सरदार वल्लभ भाई पटेल की 31 अक्टूबर को 150वी जयंती के अवसर पर आज कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी की उपस्थित में घड़ी चौक से शासकीय आदर्श रामानुज स्कूल, बैकुंठपुर तक रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। कलेक्टर ने सुबह 8 बजे हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ में शामिल दल को रवाना किया l एकता दौड़ में युवा, बच्चे सहित जिलेवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर ने एकता दौड़ में शामिल सभी लोंगों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि 31 अक्टूबर को दीपावली होने के कारण आज एकता का संदेश देने के लिए एकता दौड़ का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि देश को एकजुट करने में सरदार पटेल जी का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान है। कलेक्टर ने कहा कि एकता और संवेदनशीलता के साथ ही एक अच्छे समाज का निर्माण करते हुए देश को सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी लोंगों को एकता की भावना का परिचय देते हुए देश के विकास में योगदान देने की बात कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्री अरुण कुमार मरकाम, श्रीमती अंकिता सोम सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।



