
ग्राम मधला और पुसला के ग्रामीण ठगे गए
बैकुंठपुर / जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित रामानुज मिनी स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय कोरिया महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद रही।

बताया जा रहा है कि प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों के सरपंच–सचिवों के माध्यम से ग्रामीणों को बसों में भरकर कार्यक्रम स्थल तक लाया गया। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से प्रस्थान करने के बाद स्थिति बदल गई। सोनहत वनांचल के ग्राम मधला एवं पुसला पंचायत के ग्रामीणों को वापस जाने के लिए बसों में डीजल न होने की बात कही गई। कथित तौर पर उन्हें अपने खर्चे से किराया जुटाकर लौटने की सलाह दी गई।
इस दौरान कई ग्रामीण, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, घंटों तक भूखे-प्यासे भटकते रहे। महिलाओं को विशेष रूप से कठिनाई का सामना करना पड़ा। बच्चों के भूखे रहने की भी सूचना है, जिससे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में जनहित संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष एस के रूप से सम्पर्क किया ,स्थिति की जानकारी मिलने पर जनहित संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष एस.के. रूप ने आगे आकर ग्रामीणों के लिए नाश्ते की व्यवस्था कराई और बस किराया राशि उपलब्ध कराकर उन्हें उनके गांव वापस भेजने में सहयोग किया।
घटना को लेकर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया था, तो सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए थी।
लेकिन ऐसा नही किया गया जो कहीं न कहीं बड़ी प्रशासनिक चूक है जिस पर प्रशासन को त्वरित संज्ञान लेने की आवश्यकता है एवं दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करनी की जरूरत है।



