
बैकुंठपुर/ विश्व जल दिवस के अवसर पर शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में जल संरक्षण एवं जागरूकता ”पानी की एक बूंद का महत्व“ को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं एन0 सी0 सी0 कैडेट्स ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह कार्यक्रम कमान अधिकारी कर्नल सेन्थिल कुमार एस0 के निर्देशन एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल अमित यादव 01 छ0ग0 बटालियन कोरबा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

एन0 सी0 सी0 अधिकारी संजीव कुमार जायसवाल ने बताया कि- विश्व जल दिवस प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना और जल संरक्षण के लिए प्रेरित करना है। जल हमारे जीवन का आधार है और इसके बिना जीवन संभव नहीं है। पृथ्वी पर जल की मात्रा अधिक होने के बावजूद पीने योग्य जल बहुत कम उपलब्ध है, इसलिए इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान समय में जल की कमी एक गंभीर समस्या बनती जा रही है।

इस दिन विभिन्न कार्यक्रमों, रैलियों और प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को जल बचाने का संदेश दिया जाता है। विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता श्री प्रभात मिश्रा ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि- हमें जल का उपयोग सोच-समझकर करना चाहिए तथा अनावश्यक जल व्यय से बचना चाहिए। वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) और जल का पुनः उपयोग जैसे उपाय अपनाकर हम जल की बचत कर सकते हैं। व्याख्याता श्रीमती कल्पना जायसवाल ने कहा कि- स्वच्छ जल स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी है, इसलिए जल प्रदूषण को रोकना भी हमारी जिम्मेदारी है। कैडेट्स को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे उपाय अपनाकर जल बचाने की सीख दी गई, जैसे अनावश्यक नल खुला न छोड़ना, जल का सीमित उपयोग करना आदि। व्याख्याता श्रीमती रत्ना पटेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि- आज से ही जल संरक्षण के प्रति सजग रहना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षित रह सके।
प्रभारी प्राचार्य श्री व्ही0 जे0 मित्रा ने अपने उद्बोधन में जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जल ही जीवन है” और इसके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कैडेट्स को अपने गांव में जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कृत किया गया तथा सभी ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री व्ही0 जे0 मित्रा, एन0 सी0 सी0 अधिकारी संजीव कुमार जायसवाल, श्री प्रभात मिश्रा, श्रीमती रत्ना पटेल, श्रीमती कल्पना जायसवाल, श्री किशोर मोहन्ती, श्रीमती हृदयपति, श्रीमती उमा राजवाड़े, श्री दिनेश कश्यप सहित एन0 सी0 सी0 कैडट्स उपस्थित रहे।



