बूथ लेवल अधिकारियों का पारिश्रमिक दोगुना
ईआरओ एवं एईआरओ को भी मिलेगा मानदेय, भारत निर्वाचन आयोग का निर्णय

कोरिया / भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची तैयार करने में जुटे बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं अन्य संबंधित निर्वाचन अधिकारियों के पारिश्रमिक में महत्वपूर्ण वृद्धि की गई है। आयोग द्वारा 02 अगस्त को जारी प्रेस नोट के अनुसार, बीएलओ के वार्षिक पारिश्रमिक को दोगुना करते हुए 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया गया है। साथ ही, बीएलओ पर्यवेक्षकों के पारिश्रमिक में भी संशोधन करते हुए 12 हजार हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है।
आयोग ने पहली बार निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को 30 हजार रुपये तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) को 25 हजार रुपये का मानदेय प्रदान करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के लिए बीएलओ को 6 हजार रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी मंजूर की गई है। यह प्रक्रिया सर्वप्रथम बिहार राज्य से प्रारंभ होगी।
निर्वाचन आयोग का यह निर्णय जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे चुनाव कर्मचारियों को प्रोत्साहन देने और पारदर्शी, निष्पक्ष एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने की दिशा में एक सशक्त पहल है।



