छत्तीसगढ़

जनकपुर में गेस्ट हाउस संचालक पर हमला, 15–20 लोगों ने मचाया उत्पात; एक आरोपी गिरफ्तार, कई फरार

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर/ जनकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शान्वी गेस्ट हाउस के संचालक अंकुर प्रताप सिंह पर दर्जनभर से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि रीवा (मध्यप्रदेश) निवासी अरुण मिश्रा अपने 15–20 साथियों के साथ तीन-चार वाहनों में सवार होकर गेस्ट हाउस पहुंचा और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और काउंटर के भीतर घुसकर मारपीट की।

अंकुर प्रताप सिंह के अनुसार, 12 दिसंबर की शाम करीब 6:45 बजे वह गेस्ट हाउस के काउंटर पर बैठे थे। तभी अरुण मिश्रा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और जबरन कमरे लेने की जिद करने लगा। पीड़ित ने बताया कि उस समय सभी कमरे भरे हुए थे और उन्होंने शालीनता से आरोपियों को अंदर न आने की बात कही। इस पर अरुण मिश्रा और उसके साथी उग्र हो गए और काउंटर के अंदर घुसकर धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान अश्लील गालियां दी गईं और “गोली मार देने” तक की धमकी दी गई।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने काउंटर में रखी नकदी निकाल ली। हमले से गेस्ट हाउस में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। शोर-शराबा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। विपिन बिहारी शुक्ला और आर्यन तिवारी सहित अन्य नागरिकों ने पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से बचाया। कुछ ही देर में वहां करीब 200 से अधिक लोग एकत्र हो गए।

भीड़ बढ़ती देख आरोपी अपने-अपने वाहनों से भागने लगे। हालांकि ग्रामीणों ने अरुण मिश्रा को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित द्वारा फोन किए जाने के लगभग 10 मिनट बाद जनकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी पक्ष के कुछ लोग जनकपुर स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे।

घटना के बाद पीड़ित अंकुर प्रताप सिंह ने थाना जनकपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 333, 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। FIR संख्या 0236 है, जो 13 दिसंबर 2025 को दोपहर 12:30 बजे दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार मामला गंभीर है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

[wp1s id="1076"]

पीड़ित ने कहा कि इस घटना के बाद वह और उनका परिवार भय के माहौल में हैं और खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

बाइट — गौरव सिंह,,पीड़ित कांग्रेस पूर्व विधायक प्रतिनिधि
बाइट —- ओमप्रकाश दुबे,,,थाना प्रभारी जनकपुर,,,

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!