कोरिया

कोरिया जिले के सरकारी विभागों पर 12 करोड़ से अधिक का बिजली बिल बकाया

विद्युत विभाग आर्थिक संकट में

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

बैकुंठपुर/ कोरिया जिले में स्थित विभिन्न सरकारी विभागों पर बिजली बिल के भुगतान को लेकर संकट गहराता जा रहा है। विद्युत विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले के कई विभागों द्वारा लम्बे समय से विद्युत बिल का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे बकाया राशि 12 करोड़ रुपए से अधिक हो गई है।

इस बढ़ते बकाया के चलते विद्युत विभाग को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, भुगतान को लेकर कई बार संबंधित विभाग प्रमुखों को पत्र भेजे गए हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।

बकाया वसूली के लिए विभाग ने एक विशेष टीम गठित की है जो क्षेत्र में घूम-घूमकर विद्युत लाइन काटने की चेतावनी दे रही है। हालांकि विभाग इस कदम को उठाने में हिचकिचा रहा है क्योंकि सरकारी विभागों की बिजली कटने से आम जनता को भी परेशानी हो सकती है। इस स्थिति को देखते हुए विद्युत विभाग बार-बार अल्टीमेटम जारी कर रहा है, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इस मामले में जिला प्रशासन, विशेषकर कलेक्टर कोरिया को त्वरित हस्तक्षेप की आवश्यकता है, ताकि समस्या का समाधान हो सके और विद्युत विभाग को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!