कोरिया

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विगत दिनों किया था पर्यटन डायरी व पक्षी ब्रोशर का विमोचन

कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के फोटोग्राफी कौशल की सराहना

[responsivevoice_button voice="Hindi Male"]

कोरिया/ कोरिया जिले के कलेक्टरेट सभाकक्ष में विगत दिनों राज्यपाल श्री रमेन डेका ने जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारित डायरी 2025 और पक्षी प्रेमियों के लिए विशेष रूप से तैयार ब्रोशर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के फोटोग्राफी और पक्षी प्रेम की सराहना की।

डायरी में जहां जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों की तस्वीरों को स्थान दिया गया है, वहीं ब्रोशर में कोरिया जिले में पाई जाने वाली पक्षी प्रजातियों की शोधपरक जानकारी दी गई है। विशेष रूप से कलेक्टर चंदन त्रिपाठी द्वारा खींची गई पक्षियों की दुर्लभ तस्वीरें इस ब्रोशर की खास विशेषता हैं।

राज्यपाल श्री रमेन डेका ने ब्रोशर की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘यह एक बेहतरीन संकलन है, जिसमें पक्षियों की विविधता को बहुत ही रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण और पक्षी प्रेम को प्रोत्साहित करेगा।’

जिले की पक्षी विविधता बनी आकर्षण का केंद्र
कोरिया जिले के मिश्रित वन, साल वृक्षों की बाहुल्यता वाले जंगल और जलस्रोत अनेक पक्षियों को प्राकृतिक आश्रय प्रदान करते हैं। जिले के सोनहत वन क्षेत्र, टाइगर रिजर्व, बालमपहाड़ी, बाघ खैरी, झुमका, फूलपुर गेज, छिंदडांड जैसे स्थान प्रवासी और स्थानीय पक्षियों का प्रमुख ठिकाना हैं। यहाँ जंगली उल्लू, कठफोड़वा, नीलकंठ, बुलबुल, बोनेली का चील, कॉमन पोचार्ड, इंडियन व्हाइट आई, लिटिल ग्रेब, नॉर्दन पिनटेल जैसी कई दुर्लभ प्रजातियां देखी जा सकती हैं।

ई-बर्ड वेबसाइट के अनुसार, छत्तीसगढ़ के वन क्षेत्रों में लगभग 243 पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जो इस क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती हैं। पक्षी प्रेमियों और पर्यावरणविदों के लिए यह ब्रोशर एक अनूठी जानकारी का स्रोत साबित होगा।

[wp1s id="1076"]

बता दें कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी न केवल एक कुशल प्रशासक बल्कि एक उत्कृष्ट फोटोग्राफर और बर्ड लवर के रूप में भी पहचानी जाती हैं। उनके द्वारा कैमरे में कैद की गई पक्षियों की तस्वीरें जिले की जैव विविधता को और अधिक पहचान दिलाने में मदद करेंगी।

पर्यावरण संरक्षण और पक्षी प्रेम को मिलेगा बढ़ावा
यह ब्रोशर न केवल पर्यटकों को कोरिया जिले की पक्षी संपदा से अवगत कराएगा, बल्कि स्थानीय समुदाय और पर्यावरण प्रेमियों को भी पक्षी संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगा। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कलेक्टर को उनकी सृजनात्मकता और पर्यावरण के प्रति योगदान के लिए विशेष बधाई दी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!